
क्राइस्टचर्च. भारत (India) और न्यूजीलैंड (New Zealand) के बीच टेस्ट सीरीज (Test series) का दूसरा एवं आखिरी मुकाबला क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेला जा रहा है. इस मुकाबले में तीसरे दिन (29 नवंबर) स्टम्प तक न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी में 3 विकेट पर 133 रन बना लिए. रचिन रवींद्र 46 और डेरिल मिचेल 5 रन बनाकर नॉटआउट है. न्यूजीलैंड की कुल लीड 243 रनों की हो चुकी है.
भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 246 रन बनाए. पहली पारी के आधार पर न्यूजीलैंड को 110 रनों की लीड मिली. इससे पहले न्यूजीलैंड की टीम ने अपनी पहली पारी में 356 रन बनाए थे. इस मुकाबले में टॉस भारतीय टीम ने जीता था और पहले गेंदबाजी का फैसला किया. दोनों टीम्स के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेला गया था, जो ड्रॉ रहा.
न्यूजीलैंड की दूसरी पारी की हाइलाइट्स
न्यूजीलैंड की दूसरी पारी में शुरुआत कुछ खास नहीं रही. कप्तान टॉम लैथम 9 रनों के निजी स्कोर पर जसप्रीत बुमराह का शिकार बने. इसके बाद बुमराह ने हेनरी निकोल्स (22 रन) को भी पवेलियन रवाना कर दिया. डेवोन कॉन्वे ने अर्धशतक जरूर लगाया, लेकिन उसके कुछ देर बाद वो वॉशिंगटन सुंदर की गेंद पर आउट हुए. कॉन्वे ने 97 गेंदों पर 51 रन बनाए, जिसमें 6 चौके शामिल रहे. यहां से रचिन रवींद्र और डेरिल मिचेल ने कीवी टीम को तीसरे दिन कोई और नुकसान नहीं होने दिया.
भारत की पहली पारी: जुरेल ने जड़े 88 रन
भारत की पहली पारी में उसका टॉप आर्डर कीवी तेज गेंदबाजों के सामने पूरी तरह चरमरा गया. दूसरे दिन के खेल में उसने छह विकेट खो दिए थे. मैच के तीसरे दिन शुरुआत में ही अंशुल कंबोज खाता नहीं खोल सके. ओपनर केएल राहुल (25 रन), देवदत्त पडिक्कल (21 रन), कप्तान शुभमन गिल (17 रन) और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (23 रन) ने क्रीज पर जमने के बाद अपने-अपने विकेट गिफ्ट कर दिए. वहीं सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का खाता तक नहीं खुला.
यह भी पढ़ें: क्राइस्टचर्च टेस्ट में टीम इंडिया को बड़ा झटका, पहली पारी के हीरो आकाश दीप OUT, प्रसिद्ध कृष्णा की एंट्री
तीसरे दिन भारत के निचले क्रम के बल्लेबाजों ने संघर्ष किया. अंशुल कम्बोज खाता नहीं खोल सके और हेनरी का शिकार बने. फिर ध्रुव जुरेल और आकाश दीप ने आठवें विकेट के लिए 46 रन जोड़कर पारी संभालने की कोशिश की. आकाश दीप 29 रन बनाकर नाथन स्मिथ का शिकार बने. यहां से गुरनूर बरार और जुरेल ने नौवें विकेट के लिए 64 रनों की साझेदारी की. गुरनूर 10 रनों के निजी स्कोर पर काइल जेमिसन का शिकार बने.
भारतीय टीम का आखिरी विकेट ध्रुव जुरेल के रूप में गिरा, जो मैट हेनरी का शिकार बने. जुरेल ने 170 गेंदों पर 88 रन बनाए, जिसमें 14 चौके शामिल रहे. न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके. नाथन स्मिथ, काइल जेमिसन और जैकब डफी को दो-दो सफलताएं मिलीं.
न्यूजीलैंड की पहली पारी: आकाश दीप के 5 विकेट, ब्लंंडेल ने ठोके 89
न्यूजीलैंड के लिए पहली पारी में विकेटकीपर बल्लेबाज टॉम ब्लंडेल ने सबसे ज्यादा 211 गेंदों पर 89 रन बनाए, जिसमें 10 चौके शामिल रहे. वहीं कप्तान टॉम लैथम ने 6 चौके की मदद से 128 बॉल पर 59 रनों का योगदान दिया. ग्लेन फिलिप्स (36 रन), डेरिल मिचेल (31 रन) और डेवोन कॉन्वे (31 रन) ने भी क्रीज पर टिकने की कोशिश की. भारत की ओर से आकाश दीप ने सबसे ज्यादा 5 विकेट चटकाए. वहीं अंशुल कम्बोज और गुरनूर बरार को दो-दो सफलताएं हाथ लगीं. वॉशिंगटन सुंदर ने एक विकेट झटका.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 66 टेस्ट मैच खेले गए हैं. इस दौरान टीम इंडिया ने 22 मैचों में जीत दर्ज की. वहीं कीवी टीम ने 16 मुकाबले अपने नाम किए. इसके अलावा 28 टेस्ट मैच ड्रॉ पर छूटे.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved