
क्राइस्टचर्च. भारत (India) और न्यूजीलैंड (New Zealand) के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला क्राइस्टचर्च (Christchurch Test) के हेगले ओवल में खेला जा रहा है. मुकाबले में दूसरे दिन (28 नवंबर) स्टम्प तक भारत ने अपनी पहली पारी में 6 विकेट पर 116 रन बना लिए. ध्रुव जुरेल 7 रन बनाकर नॉटआउट हैं. भारत पहली पारी के आधार पर कीवी टीम से अब भी 240 रन पीछे है.
न्यूजीलैंड की टीम पहली पारी में 356 रन बनाकर आउट हो गई. आकाश दीप ने 99 रन देकर पांच विकेट हासिल किए. मुकाबले में टॉस भारतीय टीम ने जीता था और पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया था. दोनों टीमों के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेला गया था, जो ड्रॉ पर छूटा. अब ये मुकाबला काफी अहम है.
भारत की पहली पारी की हाइलाइट्स
भारत की पहली पारी में बेहद खराब शुरुआत रही. मैट हेनरी ने भारत की पारी के पहले ही ओवर में यशस्वी जायसवाल (0) को निपटा दिया. इसके बाद नंबर 3 पर आए देवदत्त पडिक्कल ने 20 गेंदों पर तेज 21 रन बनाए. लेकिन वो विकेटकीपर टॉम ब्लंडेल को काइल जेमिसन की गेंद पर कैच थमा बैठे. भारतीय कप्तान शुभमन गिल भी कुछ खास नहीं कर सके और 17 रन बनाकर चायकाल से कुछ पहले आउट हो गए.
विकेटकीपर बैटर ऋषभ पंत का प्रदर्शन भी कुछ खास नहीं रहा. पंत क्रीज पर नजरें जमाने के बाद 23 रनों के निजी स्कोर पर जैकब डफी का शिकार बने. जैकब डफी ने फिर केएल राहुल (25 रन) के रूप में भारतीय टीम को पांचवां झटका दिया. फिर दूसरे दिन के खेल में अंतिम गेंद पर वॉशिंगटन सुंदर (10 रन) चलते बने.
न्यूजीलैंड की पहली पारी: आकाश दीप का पंजा, ब्लंंडेल ने जड़े 89
इस मुकाबले का पहला दिन उतार-चढ़ाव भरा रहा था. एक समय न्यूजीलैंड का स्कोर एक विकेट पर 110 रन था, लेकिन उसी स्कोर पर कीवियों ने तीन विकेट गंवाए. इसके बाद दो बेहतरीन साझेदारियों ने न्यूजीलैंड को फिर फ्रंटफुट पर पहुंचा दिया. न्यूजीलैंड के लिए कप्तािन टॉम लैथम ने पहले दिन के खेल में शानदार 59 रन बनाए. वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज टॉम ब्लंडेल भी अर्धशतकीय आंकड़े को पार करने में सफल रहे. शुरुआती दिन के खेल में ग्लेन फिलिप्स, डेवोन कॉन्वे और डेरिल मिचेल ने भी बल्ले से प्रभावशाली प्रदर्शन किए.
दूसरे दिन पहली पारी में न्यूजीलैंड ने 246/5 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया. लेकिन सबसे पहले ग्लेन फिलिप्स 36 रन बनाकर अंशुल कम्बोज की गेंद पर पंत को कैच थमा बैठे. इसके बाद नाथन स्मिथ (26 ) आकाश दीप की गेंद पर कॉट एंड बोल्ड हो गए. काइल जेमिसन और मैट हेनरी दोनों ने 19-19 रन बनाए और दोनों ही आकाश दीप की गेंद पर आउट हुए. टॉम ब्लंडेल 89 रन बनाकर न्यूजीलैंड के हाइएस्ट स्कोरर रहे. आकाश दीप ने भारतीय टीम की ओर से पहली पारी में 99 रन देकर 5 विकेट हासिल किए. अंशुल कम्बोज और गुरनूर बरार को 2-2 सफलताएं मिलीं, वहीं वॉशिंगटन सुंदर को एक विकेट मिला.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved