
कटनी। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में सरकारी फोर्टिफाइड चावल (Government-fortified rice) के परिवहन में गड़बड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। कटनी (Katni) से इंदौर, हरदा और नीमच भेजे जाने वाले 31 ट्रकों में लदा हजारों क्विंटल चावल गंतव्य तक नहीं पहुंचा। इस मामले में पुलिस ने भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस (Bhagya Lakshmi Road Lines) के साझेदार किशन केशरवानी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने तीनों जिलों में चावल पहुंचाने का दावा करते हुए नागरिक आपूर्ति निगम (नान) के कार्यालय में फर्जी पावतियां पेश की थीं।
प्रभारी सीएसपी अनिमेष द्विवेदी ने बताया कि आरोपी को कटनी से गिरफ्तार किया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है कि सरकारी चावल को खुले बाजार में बेचा गया या कहीं और खुर्द-बुर्द किया गया। जिला प्रशासन ने संबंधित ट्रांसपोर्ट फर्म पर नान के रैक प्वाइंट से लोडिंग-अनलोडिंग करने पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। मामले में ट्रांसपोर्टर के साथ नान के अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
21,765 बोरे चावल का नहीं मिला हिसाब
कलेक्टर की जांच में फोर्टिफाइड चावल के परिवहन में गड़बड़ी सामने आने के बाद गुरुवार रात रंगनाथ नगर थाने में चार साझेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। इनमें भोपाल निवासी दीपक जैन के अलावा किशन केशरवानी, शांति मिश्रा और मनोज कुमार तिवारी शामिल हैं। पुलिस अब बाकी तीन आरोपितों की तलाश कर रही है।
नान ने कटनी जिले से इंदौर, नीमच और हरदा के लिए भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस के माध्यम से 10,797.18 क्विंटल चावल भेजा था। इसकी कीमत चार करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। आरोप है कि 31 ट्रकों में लदे चावल के 21,765 बोरे गंतव्य तक पहुंचने के बजाय गायब कर दिए गए।
रीवा में भी 36 ट्रक चावल की गड़बड़ी का मामला
जांच के दौरान भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस का नाम रीवा में सामने आए एक अन्य मामले से भी जुड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, रीवा के चाकघाट की इस फर्म पर वहां भी 36 ट्रक चावल के परिवहन में गड़बड़ी के आरोप लगे थे। बताया गया है कि इस मामले में किशन के पिता के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी और उन्हें जेल भी जाना पड़ा था।
सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में भी रीवा से दूसरे जिले भेजे जाने वाले चावल की रैक लोडिंग में कथित अनियमितता का दावा किया गया था। जानकारी के मुताबिक, जमानत पर बाहर आने के बाद किशन के पिता ने बेटे के नाम से ट्रांसपोर्ट का संचालन शुरू किया था।
नान के अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल
रीवा में पहले से विवादों में रही फर्म को कटनी में दोबारा चावल परिवहन का काम दिए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इस मामले में नान के तत्कालीन जिला प्रबंधक देवेंद्र तिवारी की भूमिका भी संदेह के घेरे में बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि 31 ट्रकों में लदा सरकारी चावल कहां पहुंचाया गया और फर्जी पावतियां किस आधार पर तैयार की गईं। साथ ही परिवहन और वितरण प्रक्रिया में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved