खेल बड़ी खबर

Ind vs Sri, day-night test: श्रीलंका को 447 रनों का लक्ष्य, भारत जीत से नौ विकेट दूर

बेंगलुरु। भारत और श्रीलंका (India and Sri Lanka) के बीच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे डे-नाइट टेस्ट (Ind vs Sri, day-night test) में भारत ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत जीत से केवल नौ विकेट दूर है। भारत (India) ने दूसरी पारी 303/9 पर घोषित करते हुए श्रीलंका (Sri Lanka) को 447 रनों का लक्ष्य दिया है। श्रीलंका ने दूसरी पारी में एक विकेट के नुकसान पर 28 रन बना लिए हैं।


पहले दिन 86 रन पर छह विकेट गंवाने वाली श्रीलंका की पहली पारी दूसरे दिन काफी जल्दी समाप्त हो गई। श्रीलंका ने 35 गेंदों के अंदर अपने आखिरी चार विकेट गंवा दिए और पूरी टीम 109 के स्कोर पर सिमट गई। 109 का स्कोर श्रीलंका के लिए टेस्ट में भारत के खिलाफ दूसरा सबसे कम स्कोर हो गया है। भारत के खिलाफ उनका सबसे न्यूनतम स्कोर 82 का है। 1990 में चंडीगढ़ में श्रीलंका 82 के स्कोर पर सिमटी थी।

ऋषभ पंत ने धुंआधार बल्लेबाजी करते हुए केवल 28 गेंदों में अर्धशतक लगा दिया और भारत के लिए सबसे तेज टेस्ट अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बने। इससे पहले यह रिकॉर्ड कपिल देव के नाम था जिन्होंने 1982 में कराची में 30 गेंदों में पाकिस्तान के खिलाफ अर्धशतक लगाया था। भारत में टेस्ट में यह दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है। भारत में सबसे तेज टेस्ट अर्धशतक शाहिद अफरीदी (26 गेंद) ने लगाया है।

पहली पारी में 92 रन बनाने वाले श्रेयस अय्यर ने दूसरी पारी में भी शानदार बल्लेबाजी की और 67 रन बनाए। वह डे-नाइट टेस्ट की दोनों पारियों में अर्धशतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने हैं। कुल मिलाकर वह ऐसा करने वाले दुनिया के चौथे बल्लेबाज बने हैं। केवल ऑस्ट्रेलिया के मॉर्नश लाबूशेन इकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने दो बार डे-नाइट टेस्ट की दोनों पारियों में अर्धशतक लगाया है।

श्रीलंका के लिए युवा स्पिनर प्रवीण जयविक्रमा ने सबसे अधिक चार विकेट लिए। जयविक्रमा ने 19 ओवर में 78 रन खर्च किए। दूसरे बाएं हाथ के स्पिनर लसिथ एंबुलदेनिया ने 20.5 ओवर्स में 87 रन खर्च करते हुए तीन विकेट लिए। नौवां विकेट गिरते ही भारत ने अपनी पारी घोषित कर दी थी और श्रीलंका ने दिन का खेल खत्म होने तक सात ओवर्स बल्लेबाजी की। श्रीलंका को पारी के पहले ओवर में ही लहिरु थिरिमाने के रूप में एक झटका लग गया था।

दिमुथ करुणारत्ने 10 रन बनाकर नाबाद हैं। कुशल मेंडिस भी 26 गेंदों में 16 रन बनाकर क्रीज पर बने हुए हैं। मेंडिस को दिन की आखिरी गेंद पर जीवनदान भी मिला।

Share:

Next Post

भारत का धर्म प्रकृति के वैज्ञानिक नियमों के अधीन संचालित आचार संहिता

Mon Mar 14 , 2022
– हृदय नारायण दीक्षित समाज का गठन संवाद से होता है। संवाद उपयोगी है। संवाद कई तरह का होता है। पहला है, व्यक्ति से व्यक्ति के मध्य। दूसरा, व्यक्ति से समूह या व्यक्ति से राष्ट्र का। ऐसे संवाद सारी दुनिया में प्रतिष्ठित हैं। ये अध्ययन के विषय भी हैं। प्रकृति भी संवादरत दिखाई पड़ती है। […]