
डेस्क। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने गुरुवार को राजधानी दिल्ली में विपक्षी सांसदों के लिए एक बार फिर से लंच पार्टी आयोजित किया है। इंडिया गठबंधन के सांसद आज गांधी स्मरक पर धरना देने के लिए निकल गए है।
Live Update:
दिल्ली ट्रैफिक अलर्ट: राजघाट पर प्रदर्शन के चलते बसों और भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक
राजघाट पर चल रहे इंडिया ब्लॉक के प्रदर्शन के कारण आज 8 अक्तूबर 2026 को रात 10 बजे तक कुछ रास्तों पर बसों, डीटीसी बसों और भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने और मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। चौराहों को खाली रखें और आपातकालीन वाहनों को रास्ता दें, ताकि जाम और परेशानी को कम किया जा सके।
विपक्षी सांसद राजघाट पहुंचे
दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और इंडिया ब्लॉक के अन्य नेता राजघाट पहुंचे। नेता तीन बसों से राजघाट पहुंचे।
INDIA ब्लॉक का प्रदर्शन जारी, राजघाट की ओर रवाना हुए विपक्षी नेता
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया ब्लॉक का विरोध प्रदर्शन जारी है। विपक्षी नेता और सांसद धरना देने के लिए राजघाट की ओर बढ़ रहे हैं। वहीं, राजघाट के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। विपक्षी सांसद यहां पहुंचकर शांतिपूर्ण धरना देने की तैयारी में हैं।
राहुल गांधी-खरगे बस से गांधी स्मृति के लिए रवाना
विपक्षी सांसदों की दूसरी लंच मीटिंग के बाद इंडिया गठबंधन के सांसद गांधी स्मृति के लिए रवाना हुए। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई सांसद बस में सवार होकर प्रदर्शन के लिए निकले।
राहुल गांधी बोले- 300 सांसद शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना चाहते हैं
दिल्ली में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि राज्यसभा और लोकसभा के करीब 300 सांसद शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें लगातार दो दिनों से प्रदर्शन करने से रोका जा रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि पहले दिन सांसदों को निर्वाचन आयोग के बाहर रोक दिया गया। इसके बाद उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की इच्छा जताई, लेकिन वहां भी उन्हें रोक दिया गया। राहुल ने आरोप लगाया कि इस दौरान उनके साथियों के साथ मारपीट की गई। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह, ज्ञानेश कुमार और मोहन भागवत ने कथित साजिश के जरिए देश की व्यवस्था पर कब्जा कर लिया है और संविधान को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने वोट चोरी का भी आरोप लगाया। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे पर कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। उन्होंने दावा किया कि जिन लोगों पर ये आरोप हैं, उन्हें कानून के तहत जवाबदेह बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह विपक्ष की गारंटी है।
खरगे बोले- हम राजघाट जा रहे
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि इंडिया गठबंधन के नेता गांधी स्मारक जा रहे हैं, जहां वे शांतिपूर्ण तरीके से धरना देंगे। उन्होंने कहा कि वहां प्रार्थना की जाएगी कि भाजपा सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को यह समझने की सद्बुद्धि मिले कि उनके फैसले देशहित में नहीं हैं। खरगे ने कहा कि ‘वोट चोरी’, बढ़ती महंगाई, युवाओं की समस्याओं और अन्य मुद्दों को लेकर विपक्ष सरकार के खिलाफ आवाज उठा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के हितों के खिलाफ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि देश को आजादी महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे नेताओं के संघर्ष से मिली थी। खरगे ने आरोप लगाया कि सरकार लोगों से उनके अधिकार और आजादी छीनने की कोशिश कर रही है, जिसमें वोट देने का अधिकार भी शामिल है। खरगे ने कहा कि विपक्ष गांधी स्मारक पर धरना देकर प्रार्थना करेगा कि सरकार लोगों के अधिकार और लोकतांत्रिक स्वतंत्रता छीनने से पीछे हटे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved