
नई दिल्ली। भारत (India) ने वित्त वर्ष 2025-26 में रक्षा निर्यात (Defence Exports) के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। रक्षा मंत्रालय (Ministry of Defence) के ताजा आंकड़ों के अनुसार इस दौरान भारत का रक्षा निर्यात 38,424 करोड़ रुपये तक पहुंचा, जो पिछले साल की तुलना में 62 फीसदी से अधिक है। यह राशि पिछले वित्त वर्ष 2024-25 के 23,622 करोड़ रुपये के निर्यात से लगभग 14,802 करोड़ रुपये ज्यादा है।
राजनाथ सिंह ने दी बधाई
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया पर यह खुशी साझा करते हुए कहा कि यह ‘बड़ी छलांग’ भारत की स्वदेशी रक्षा क्षमताओं पर वैश्विक भरोसे को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि देश रक्षा निर्यात में लगातार सफलता की नई कहानी लिख रहा है।
2025–26 में भारत के रक्षा निर्यात में पिछले वर्ष की तुलना में ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की गई है। आज भारत का रक्षा निर्यात बढ़कर ₹38,424 करोड़ तक पहुँच गया है। pic.twitter.com/D6j9uCDS8V
— Rajnath Singh (@rajnathsingh) April 2, 2026
निजी और सार्वजनिक क्षेत्र का योगदान
मंत्रालय के अनुसार इस उपलब्धि में रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (DPSUs) का योगदान 54.84 प्रतिशत रहा, जबकि निजी उद्योग ने 45.16 प्रतिशत का योगदान दिया। रक्षा मंत्री ने इसे सहयोगात्मक और आत्मनिर्भर रक्षा तंत्र की ताकत बताया।
कितने देशों को निर्यात
भारत वित्त वर्ष 2025-26 तक 80 से अधिक देशों को रक्षा उपकरण निर्यात कर रहा है। निर्यातकों की संख्या भी बढ़कर 145 हो गई है, जो पिछले वर्ष के 128 निर्यातकों से 13.3 फीसदी अधिक है। मंत्रालय ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को वैश्विक शीर्ष रक्षा निर्यातकों में शामिल करने के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved