बड़ी खबर

दुनिया के देशों के लिए आदर्श है भारत का लोकतंत्र : बिरला

नई दिल्ली । लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि भारत का लोकतंत्र दुनियाभर के देशों के लिए आदर्श है और हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोगों का भरोसा बढ़ा है। उन्होंने लोकतंत्र, नीति निर्माण, विधि निर्माण में युवाओं की साझेदारी पर जोर देते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी होनी चाहिए।

बिरला ने सोमवार को संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव-2021 की शुरुआत की। इस मौके पर खेल एवं युवा मामलों के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) किरेन रिजिजू भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाग ले रहे युवाओं को संबोधित करते हुए बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नौजवानों पर बहुत विश्वास करते हैं। उन्होंने कहा कि युवा महिलाएं आज हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। बिरला ने कहा कि नागरिक अपनी भूमिका को केवल मतदान तक सीमित ना रखें, बल्कि आपकी अपार युवा शक्ति देश के नवनिर्माण में अपना योगदान देगी।

लोकसभा अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि संसद के केंद्रीय कक्ष में उपस्थित होना युवा के लिए गर्व की बात है। संसद का केंद्रीय कक्ष अनेक ऐतिहासिक घटनाओं का साक्षी रहा है। 14-15 अगस्त 1947 की मध्य-रात्रि को देश ने ब्रिटिश राज से आजादी प्राप्त की। भारत के महान नेताओं ने यहीं से संविधान निर्माण का भी कार्य किया। वह संविधान आज भी देश का मार्गदर्शन कर रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र दुनियाभर के देशों के लिए आदर्श है। भले ही राजनैतिक दलों में विचारधारा का अंतर है किंतु राष्ट्रहित के विषय पर सभी दल एकजुट हैं।

उल्लेखनीय है कि हर साल मनाए जाने वाला राष्ट्रीय युवा महोत्सव इस बार 12 से 16 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा। कोरोना महामारी के कारण युवा महोत्सव वर्चुअल आयोजित किया जा रहा है। इस साल के महोत्सव का विषय ‘युवा- उत्सव नए भारत का’ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को 10.30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दूसरे राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव के आयोजन को संबोधित करेंगे। समारोह के दौरान तीन राष्ट्रीय विजेता भी अपने विचार व्यक्त करेंगे।

Share:

Next Post

मैं सक्षम हूं तो कोई बेटी अबला कैसे रहे : शिवराज

Mon Jan 11 , 2021
जब तक दर्द नहीं मिटेगा… मुस्कान कैसे आएगी दुर्दांतों का विनाश किए बिना सभ्यता का विकास असंभव… माफियाओं को मिटाएंगे… नशे के सौदागरों को नष्ट कर डालेंगे इन्दौर। दिल में दर्द था और दिमाग में गुस्सा… चंद मिनटों की बात में ही मुख्यमंत्री ने अपना जेहन परोसते हुए साफ कर दिया कि यदि मैं सक्षम […]