
कराची। पाकिस्तानी नौसेना (Pakistani Navy) ने गुरुवार को अरब सागर (Arabian Sea) में एक पोत के पलट जाने के बाद उसके चालक दल के नौ भारतीय सदस्यों (nine Indian members) को डूबने से बचाया। पाक नौसेना की ओर से यह जानकारी दी गई। पाकिस्तान नौसेना के जनसंपर्क महानिदेशक ने एक बयान में कहा कि यह घटना नौ अगस्त को बलोचिस्तान प्रांत के तटीय शहर ग्वादर के पास उस समय हुई, जब भारतीय पोत (Indian Ship) ‘जमना सागर’ (‘Jamna Sagar’) में डूब गया। उसमें चालक दल के 10 सदस्य थे।
बयान के अनुसार, पाक नौसेना को पोत के डूबने के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद नौसेना ने एक संकटपूर्ण कॉल का जवाब दिया और पाकिस्तान समुद्री सूचना केंद्र ने भारतीय पोत के फंसे हुए चालक दल को आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए पास के एक व्यापारी जहाज “एमटी क्रुइबेके” (MT KRUIBEKE) से अनुरोध किया।
एक लापता सदस्य का शव बरामद किया
बयान में कहा गया है कि व्यापारी जहाज ने अंततः चालक दल के नौ सदस्यों को बचा लिया और उन्हें किनारे पर छोड़कर अपने दुबई बंदरगाह की यात्रा पर रवाना हो गया। इसके साथ ही दो हेलीकॉप्टरों के साथ पाकिस्तानी नौसेना का एक जहाज भी उस क्षेत्र में पहुंचा और चालक दल के एक सदस्य के शव का पता लगाया, जो पोत के डूबने के बाद लापता हो गया था। पाकिस्तानी नौसेना ने शव को बरामद कर लिया और आगे की कार्यवाही के लिए पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा एजेंसी (पीएमएसए) के अधिकारियों को सौंप दिया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved