
ओटावा: कनाडा के नायग्रा इलाके से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. यहां गुजरात की रहने वाली एक 22 वर्षीय भारतीय छात्रा की दिनदहाड़े चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस स्टूडेंट की पहचान कल्पेशभाई मेघानी के तौर पर हुई है जो कनाडा में सुनहरे भविष्य की तलाश में आई थी. उसकी क्षत-विक्षत हालत और शरीर पर गहरे घाव देखकर वहां मौजूद डॉक्टर्स भी बुरी तरह सहम गए. इस खौफनाक वारदात के बाद कनाडा में रह रहे भारतीय छात्र अपनी सेफ्टी को लेकर बुरी तरह डरे हुए हैं.
बताया जा रहा है कि 15 मई को विधि हमेशा की तरह अपने घर से बाहर निकली ही थी कि तभी अचानक उन पर जानलेवा हमला बोल दिया गया. हमलावर ने विधि पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए, अचानक हुए इस हमले के दौरान विधि को संभलने तक का मौका नहीं मिला. वो चीखती रही लेकिन कहीं से मदद नहीं मिली. वो खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी. चीख-पुकार सुनकर जब तक स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तब तक अटैकर वहां से रफूचक्कर हो चुका था.
खून से लथपथ और गंभीर हालत में विधि को तड़पता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस को फोन किया और उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों की एक पूरी टीम ने विधि की जान बचाने की बहुत कोशिश की लेकिन घाव इतने गहरे और जानलेवा थे कि शरीर से बहुत ज्यादा खून बह चुका था. आखिरकार, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस खबर ने न सिर्फ कनाडा में बल्कि भारत में मौजूद उनके परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है.
इस हत्याकांड के बाद कनाडा की नायग्रा रीजनल पुलिस तुरंत अलर्ट मोड पर आई और हत्या का केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश में जुट गई है. वारदात वाली जगह के आसपास लगे सभी CCTV फुटेज को खंगाला जा रहा है और रास्ते से गुजरने वाले चश्मदीदों से लंबी पूछताछ की जा रही है. हालांकि, इस खौफनाक घटना को कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है. फरार कातिल को दबोचने के लिए पुलिस की कई टीमें अलग-अलग संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है.
मीडिया रिपोर्ट्स और स्थानीय सूत्रों के हवाले से यह शक जताया जा रहा है कि यह लूटपाट की एक कोशिश हो सकती है, जिसका विरोध करने पर विधि को मौत के घाट उतार दिया गया. हालांकि, कनाडा पुलिस बेहद फूंक-फूंक कर कदम रख रही है और उसने अभी तक लूटपाट की थ्योरी की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस का कहना है कि वे हर एंगल से मामले की जांच कर रहे हैं.
विधि कल्पेशभाई मेघानी मूल रूप से गुजरात के आनंद जिले के बोरसद की रहने वाली थीं. वो पिछले करीब चार साल से कनाडा में रह रही थीं और वहां अपनी पढ़ाई पूरी कर करियर बनाने की जद्दोजहद में जुटी थीं. बोरसद में रहने वाले उनके माता-पिता और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है, क्योंकि जिस बेटी की कामयाबी की खबरें सुनने का वे इंतजार कर रहे थे, वहां से उसकी मौत की खौफनाक खबर आ गई.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved