
नई दिल्ली: भारत की वायु सुरक्षा (India’s Air Security) अब और मजबूत होने जा रही है, रूस (Russia) से चौथा S-400 एयर डिफेंस सिस्टम जल्द ही भारत पहुंचने वाला है. डिफेंस मिनिस्ट्री के सूत्रों के मुताबिक इस सिस्टम के हिस्सों को लेकर जहाज पिछले हफ्ते रूस से रवाना हो चुके हैं. सूत्रों के मुताबिक चौथा S-400 स्क्वाड्रन ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ के आसपास भारत पहुंच सकता है और इसे पाकिस्तान सीमा के पास पश्चिमी मोर्चे पर तैनात किया जाएगा.
बता दें भारत में पहले से तीन स्क्वाड्रन तैनात हैं. बता दें, भारत को रूस से अब तक S-400 के तीन स्क्वाड्रन मिल चुके हैं और उन्हें पूरी तरह ऑपरेशनल भी बना दिया गया है. इनकी तैनाती रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण स्थानों पर की गई है, जैसे- सिलीगुड़ी कॉरिडोर, पठानकोट और पश्चिमी सेक्टर. इन सिस्टमों ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दुश्मन के मिसाइल खतरों को निष्क्रिय करने में अहम भूमिका निभाई थी.
पांचवां स्क्वाड्रन भी जल्द भारत आएगा
सूत्रों के मुताबिक S-400 का पांचवां और आखिरी स्क्वाड्रन भी इस साल के अंत तक भारत को मिल सकता है. इससे भारत की बहु-स्तरीय वायु रक्षा क्षमता और मजबूत होगी. इस बीच रक्षा अधिग्रहण परिषद (DAC) ने पांच और S-400 सिस्टम खरीदने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है. यह फैसला क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों, खासकर चीन और पाकिस्तान से बढ़ते खतरे को देखते हुए लिया गया है.
भारत की सुपर शील्ड हो रही मजबूत
S-400 सिस्टम को दुनिया के सबसे उन्नत एयर डिफेंस सिस्टम में गिना जाता है, जो 400 किमी तक की दूरी पर दुश्मन के फाइटर जेट, ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइल को ट्रैक और मार गिराने में सक्षम है. चौथे स्क्वाड्रन की तैनाती के बाद भारत की पश्चिमी सीमा पर सुरक्षा कवच और ज्यादा मजबूत हो जाएगा, जिससे दुश्मन के किसी भी हवाई खतरे का तेजी से जवाब दिया जा सकेगा.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved