
नई दिल्ली. इंडोनेशिया (Indonesia) के जावा द्वीप (Java Island) पर शादी से लौट रहे मेहमानों की पिकअप (Pickup) हाईवे पर दो ट्रकों (two trucks) के बीच फंस गई। हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार यू टर्न लेते समय पीछे से ट्रक की टक्कर के बाद पिकअप दूसरी लेन में पहुंच गई, जहां एक और ट्रक से भिड़ंत हो गई।
आखिर कैसे हुआ हादसा?
स्थानीय यातायात पुलिस प्रमुख उंदांग स्यारिफ हिदायत ने बताया कि यह हादसा रविवार दोपहर इंद्रामायु रीजेंसी के कियाजारन कुलोन गांव के पास उत्तरी तटीय हाईवे पर हुआ। सभी लोग पड़ोसी परेआन गांव में शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे।
पिकअप दो ट्रकों के बीच कैसे आ गई?
पुलिस के अनुसार, सभी लोग एक खुली पिकअप में सवार थे। हाईवे पर यू टर्न लेने के लिए चालक ने डिवाइडर के कट के पास वाहन की रफ्तार धीमी की और उसे रोक दिया। तभी पीछे से उसी दिशा में आ रहे एक विंग बॉक्स ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद क्या हुआ?
हिदायत ने बताया कि पहली टक्कर के बाद पिकअप सामने वाली लेन में जा पहुंची, जहां विपरीत दिशा से आ रहे दूसरे ट्रक ने भी उसे टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर के कारण पिकअप में सवार एक दर्जन से अधिक लोग उछलकर हाईवे पर जा गिरे। पुलिस ने बताया कि हादसे में घायल हुए पांच लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इनमें कुछ को मामूली जबकि कुछ को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
इंडोनेशिया में ऐसे हादसे बार बार क्यों होते हैं?
इंडोनेशिया में सड़क हादसे अक्सर जानलेवा साबित होते हैं। इसकी बड़ी वजह ओवरलोड वाहन, सड़क सुरक्षा के अपर्याप्त इंतजाम और यातायात नियमों का ठीक तरह से पालन नहीं किया जाना माना जाता है। यही कारण है कि ऐसे हादसों में हर साल बड़ी संख्या में लोगों की जान चली जाती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved