
85 वार्डों से रैलियों के रूप में बड़ा गणपति पर एकत्र होंगे कांग्रेस कार्यकर्ता
इन्दौर। भागीरथपुरा (Bhagirathpura) में दूषित पानी (contaminated water) से 20 लोगों की मौत होने के मामले में न्याय की मांग को लेकर कांग्रेस (Congress) के द्वारा आज दोपहर में न्याय यात्रा (Justice Journey) निकाली जाएगी। इस यात्रा के लिए यात्रा मार्ग पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। यदि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनुमति की शर्तों का उल्लंघन किया तो वे कार्रवाई कर सकेंगे। सभी नेता पैदल ही चलेंगे। यात्रा में ना कांग्रेस का झंडा होगा ना नारे लगाए जाएंगे। तख्ती के माध्यम से मांग उठाई जाएगी।
यह यात्रा सुबह 11 बजे बड़ा गणपति चौराहा से प्रारंभ होकर राजबाड़ा स्थित देवी अहिल्या प्रतिमा पर समाप्त होगी। कांग्रेस ने इस आयोजन को राजनीति से ऊपर रखते हुए ‘मौन पैदल मार्च’ का स्वरूप दिया है। इस न्याय यात्रा की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें शामिल होने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के बड़े नेता इंदौर पहुंच चुके हैं। यात्रा में मुख्यरूप से प्रदेश प्रभारी महासचिव हरीश चौधरी, पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, राज्यसभा सदस्य व वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा और सचिन यादव सहित अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
तिरंगे के साथ कांग्रेसियों का मौन मार्च
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे और जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने बताया कि यह पूरी तरह से एक गैर-राजनीतिक स्वरूप की यात्रा होगी। यात्रा में कांग्रेस के झंडों का उपयोग नहीं किया जाएगा, बल्कि नागरिक हाथों में तिरंगे के साथ ही तख्तियां लेकर चलेंगे। यात्रा का नेतृत्व महिलाओं का समूह करेगा, जो सबसे आगे चलेंगी। मार्ग में किसी भी प्रकार के स्वागत मंच या द्वार नहीं बनाए गए हैं, ताकि घटना की संवेदनशीलता बनी रहे।
शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से जुटेंगे हजारों नागरिक
न्याय यात्रा में भीड़ जुटाने के लिए शहर के सभी 85 वार्डों से वाहन रैलियां निकाली जाएंगी। ग्रामीण क्षेत्रों और आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग बसों और ट्रैक्टरों के माध्यम से बड़ा गणपति पहुंचेंगे। प्रशासन और पुलिस ने यातायात व्यवस्था को देखते हुए बड़ा गणपति क्षेत्र में पार्किंग के विशेष इंतजाम किए हैं।
यात्रा का मुख्य उद्देश्य और मांगें
भागीरथपुरा की हृदयविदारक घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और प्रशासन की जवाबदेही तय की जाए।
निर्दोषों की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई हो।
शहर के अन्य हिस्सों में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए सरकार ठोस पेयजल नीति और सुरक्षा योजना लागू करें।
यात्रा के लिए शहर में लगे होर्डिंग
भागीरथपुरा के मामले को लेकर आज निकाली जा रही न्याय यात्रा को लेकर सारे शहर में होर्डिंग लगाए गए हैं। इस होर्डिंग में किसी संगठन या नेता द्वारा इसे लगाया गया है। इस बारे में कुछ भी नहीं लिखा गया है। बहुत सारे होर्डिंग में इस पूरे घटनाक्रम को हादसा नहीं हत्या है, के रूप में इंगित करते हुए पीड़ितों को न्याय देने के लिए आवाज उठाई गई है। कुछ होर्डिंग में सबसे नीचे भागीरथपुरा न्याय यात्रा लिखकर यह संकेत दिया गया है कि आज कांग्रेस द्वारा निकाली जा रही न्याय यात्रा के समर्थन में यह होर्डिंग लगाए गए हैं।
19 शर्तों पर दी यात्रा की अनुमति
पुलिस विभाग द्वारा कल शाम को कांग्रेस को आज आयोजित न्याय यात्रा के लिए अनुमति जारी की गई। इस अनुभूति में 19 शर्तें लगाई गई हैं। अनुमति में कहा गया है कि यात्रा के दौरान यातायात जाम नहीं हो, यह सुनिश्चित करना आयोजकों का काम है। सुरक्षा की दृष्टि से पूरी यात्रा की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करने के लिए भी कहा गया है। इसके साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग सुप्रीम कोर्ट द्वारा निश्चित की गई सीमा के अनुसार ही किया जाना है। इस यात्रा में डीजे का उपयोग करने पर रोक लगाई गई है। इसके साथ ही सार्वजनिक संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत निजी लोगों की संपत्ति का उपयोग करने पर भी रोक लगाई गई है।
कांग्रेस की न्याय यात्रा के चलते राजबाड़ा पर नहीं जा सकेंगे वाहन डायवर्जन प्लान जारी
भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौत के मामले में आज निकल रही कांग्रेस की न्याय यात्रा को लेकर यातायात पुलिस ने यात्रा मार्ग पर डायवर्जन किया है। यात्रा बड़ा गणपति से राजबाड़ा आएगी, जिसके चलते ये पूरा मार्ग वाहनों के लिए यात्रा समाप्ति तक प्रतिबंधित होगा। एसीपी जोन 4 सुप्रिया चौधरी ने बताया कि आमतौर पर इस मार्ग पर रविवार को यातायात का दबाव कम रहता है, लेकिन एयरपोर्ट जाने वालों इस मार्ग से नहीं निकलने की सलाह दी जा रही है। उन्हें विजयनगर, एमआर-9, लवकुश होकर सुपर कॉरिडोर से जाना ज्यादा सुविधाजनक होगा। सभी भारी वाहन भी गंगवाल से बड़ा गणपति की ओर, कालानी नगर से बड़ा गणपति की ओर, वायरलेस से बड़ा गणपति की ओर और जिंसी से बड़ा गणपति तक प्रतिबंधित रहेंगे। इसी के साथ मृगनयनी से राजबाड़ा तक सिटी बसें और यशवंत रोड से राजबाड़ा तक भी सिटी बसें यात्रा समाप्ति तक नहीं जा सकेंगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved