
इंदौर। इंदौर में वाहन चोरी की एक कोशिश उस समय नाकाम हो गई जब वाहन मालिक की सतर्कता और तकनीक ने आरोपी के मंसूबों पर पानी फेर दिया। मामला अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र का है, जहां एक निजी अस्पताल के सामने खड़ी बाइक को अज्ञात बदमाश चुराकर ले गया। लेकिन बाइक में लगे जीपीएस ट्रैकर ने पूरी घटना का रुख बदल दिया। अब वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है।
इंदौर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में एक निजी अस्पताल के बाहर खड़ी बाइक चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार बाइक मालिक ने अपनी गाड़ी में पहले से जीपीएस ट्रैकर लगा रखा था, जो मोबाइल ऐप से कनेक्ट था। जैसे ही आरोपी बाइक लेकर वहां से निकला, वाहन मालिक को मोबाइल पर लोकेशन संबंधी नोटिफिकेशन मिला।
सूचना मिलते ही वाहन मालिक ने बाइक की लोकेशन ट्रैक करते हुए उसका पीछा शुरू किया। खुद को पकड़े जाने की आशंका होते ही आरोपी बाइक को एक सार्वजनिक स्थान पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद वाहन मालिक को उसकी बाइक वापस मिल गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए फरियादी से संपर्क शुरू कर दिया है। शिकायत दर्ज होने के बाद चोरी का मामला कायम कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved