
इंदौर। नगर निगम के दरोगो को भाजपा पार्षद के परिचित की दुकान पर चालान काटने जाना महंगा पड़ गया। पार्षद ने न केवल दरोगा को अपशब्द कहे, बल्कि यह भी कह डाला कि अब कमिश्नर को बुलवाकर ही चालान बनवाएंगे। दोनों के बीच का ऑडियो वायरल हो गया है।
भाजपा के पार्षद अपने आपको कानून और प्रशासन से ऊपर मानकर चल रहे हैं। कई बार भाजपा पार्षदों के नगर निगम कर्मचारियों और अधिकारियों से अभद्रता के वीडियो और ऑडियो वायरल हो रहे हैं। अब पांच नंबर विधानसभा के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 51 के पार्षद मलखान कटारिया ने निगम दरोगा से अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि गाली-गलौज तक कर डाली। बताया जा रहा है कि निगम दरोगा एक ढाबे पर चालान करने पहुंचे थे और वहां भट्टी जलती पाई गई, जबकि शहर में यह प्रतिबंधित हैं। कटारिया ने दरोगा को वहीं स्पॉट पर बुलाया।
दरोगा ने जब अधिकारी के साथ आने की बात कही तो कटारिया ने कहा कि अपन चालान काट लेंगे, मैंने कमिश्नर को भी बुलवा लिया है। दरोगा ने कहा कि आपका फोन आया था तो छोड़ दिया था। धमकी देते हुए पार्षद दरोगा को ढाबे पर आने का दबाव बनाते रहे, लेकिन दरोगा वहां नहीं पहुंचा और दोनों के बीच हुई बातचीत का वीडियो वायरल हो गया। हालांकि इस मामले में दोनों ही पक्षों ने किसी प्रकार की शिकायत नहीं की है, लेकिन इस घटना के सामने आने के बाद यह तो तय हो गया कि भाजपा के जनप्रतिनिधि किस तरह से अधिकारियों से पेश आते हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved