
इन्दौर। नगर निगम ने सुभाष नगर और भंडारी मिल के पुल को तोडक़र नए पुल बनाने की तैयारी शुरू की है और इसके लिए सर्वे का काम चल रहा है। भंडारी मिल क्षेत्र के पुल को सिंहस्थ के कारण १०० फीट चौड़ा किया जाएगा, जबकि सुभाष नगर के पुल को लेकर अभी रिपोर्ट आना बाकी है। दोनों पुल महत्वपूर्ण हैं और यह वर्षों पुराने बने हुए थे।
शहर के कई पुल-पुलियाओं को लेकर नगर निगम ने पूर्व में कई कार्य कराए थे और वाडों की छोटी पुलियाओं के काम पूरे होने के बाद अब बड़े पुलों का काम शुरू कराया जाना है। सिंहस्थ के चलते बाणगंगा क्षेत्र की कई सडक़ों को चौड़ा करने के साथ-साथ पोलोग्राउंड से बाणगंगा को जोडऩे वाली नई सडक़ बनाने का काम भी जल्द शुरू कराया जाएगा, ताकि वाहन चालक पोलोग्राउंड से कुछ बस्तियों से होते हुए सीधे बाणगंगा माडर्न बेकरी चौराहा तक पहुंच सकेंगे। सिंहस्थ के चलते ही वाहनों का दबाव अत्यधिक होने के चलते भंडारी मिल का वर्षों पुराना पुल अब तोडक़र नया बनाए जाने की तैयारी है।
यह पुल काफी नीचे बना हुआ है, जिसके कारण उसके ध्वस्त होने का खतरा भी है। जनकार्य समिति प्रभारी राजेंद्र राठौर के मुताबिक कान्ह नदी पर बना यह पुल अब १०० फीट चौड़ा बनाया जाएगा, क्योंकि इसके आसपास बाधाएं नहीं हैं और यह पुल अब निर्धारित ऊंचाई के मान से बनाया जाएगा, ताकि वहां से उज्जैन रूट के वाहनों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो। इसके लिए कुछ एजेंसी की मदद से सर्वे के कार्य शुरू कराए गए हैं। इसके साथ ही मालवा मिल मुक्तिधाम से सुभाष नगर जाने वाले पुल को भी चौड़ा किए जाने की तैयारी है, क्योंकि उक्त पुल भी संकरा होने के कारण आए दिन वहां वाहनों का जमघट लगता है और मिल क्षेत्र का यह महत्वपूर्ण पुल है। इसके आसपास भी बाधाएं कम हैं, जिसके चलते इसे ८० से १०० फीट चौड़ा बनाने की तैयारी है, क्योंकि भविष्य के मान से ट्रैफिक का दबाव बढऩे के कारण पुल पर दिक्कतें ना आए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved