
इन्दौर। शहर के बिचौली मर्दाना बायपास के आसपास वाले इलाके में तेंदुए के लगातार मूवमेंट के चलते कल शाम को वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने उसको पकडऩे के लिए एक कालोनी के खाली प्लाट पर पिंजरा लगा दिया है। रेस्क्यू टीम के कर्मचारियों ने बताया कि रात से लेकर सुबह तक पिंजरा खाली ही है।
वन विभाग के अनुसार रेस्क्यू टीम ने कल शाम को प्रगति विहार कालोनी में पिंजरा लगाया है। आज सुबह तक पिंजरा खाली ही है। यहां के स्थानीय रहवासियों ने बताया कि रविवार से बिचौली मर्दाना बायपास रोड से लेकर प्रगति विहार कॉलोनी में तेंदुआ लगातार नजर रहा है। इस कारण आसपास की कालोनियों में दहशत का माहौल है। प्रगति विहार कालोनी के रहवासियों और सिक्योरिटी गाड्र्स ने तेंदुए पर नजर रखने और उसे भगाने के लिए बड़ी टॉर्च, लाठी डंडे सहित सुतली बम-पटाखों का इंतजाम कर रखा है। सोमवार को तो रहवासियों ने तेंदुए का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया था। वीडियो में तेंदुआ बायपास रोड पर एक ढाबे के पास बोर्ड के नीचे बैठा नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होते ही जहां आसपास के इलाकों में डर का माहौल बन गया, वहीं वन विभाग भी अलर्ट हो गया। वन विभाग ने बताया कि इलाके में हमने गश्त बढ़ा दी है। यहां हर दूसरे दिन तेंदुआ नजर आने की शिकायत मिल रही है। रेस्क्यू टीम को 24 घण्टे अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved