
जलसंकट के बीच अब गंदे पानी का हल्ला मचेगा
इंदौर। गंभीर जल संकट (Severe Water Crisis) के बीच जहां कांग्रेस (Congress) हर वार्ड में प्यासे लोगों की भीड़ जुटाकर प्रदर्शन और चक्काजाम (Traffic jam) में जुटी है, वहीं जिस जल का वितरण हो रहा है उसे भी दूषित करार देते हुए हल्ला मचाने की तैयारी शुरू हो गई है। कांग्रेस द्वारा सभी वार्डों से नल में आने वाले गंदे पानी के बारे में जानकारी एकत्र करने का काम शुरू कर दिया गया है।
कांग्रेसियों को निर्देश
पानी की जंग को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी इंदौर का मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने शहर कांग्रेस को निर्देश दिया है कि जल संकट के साथ ही लोगों के घरों में नलों में आ रहे गंदे पानी के मुद्दे को प्रमुखता से उठाएं। इस निर्देश के परिप्रेक्ष्य में शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कांग्रेस के सभी पार्षदों और वार्ड अध्यक्षों से उनके क्षेत्र में नलों में आ रहे गंदे पानी के बारे में जानकारी मांगी है। गंदे पानी की शिकायत मिलते ही उसे लैब में जांच के लिए भेजा जाएगा और फिर अगले कुछ दिनों में कांग्रेस द्वारा गंदे पानी को लेकर भी आंदोलन शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
भागीरथपुरा में आज बैठक
इसी बीच कांग्रेस द्वारा जहरीले पानी से पीडि़त हुए भागीरथपुरा क्षेत्र के प्रमुख लोगों की बैठक आज शाम बुलाई गई है। इस बैठक में इन लोगों से भागीरथपुरा की स्थिति की जानकारी ली जाएगी और वहां की समस्याओं पर चर्चा की जाएगी। भागीरथपुरा में जहरीला पानी सप्लाई किए जाने के कारण 36 लोगों की जान गई थी।
पानी देना तो दूर… दूषित पानी देकर स्वास्थ्य से खिलवाड़ : पटवारी
पूरा प्रदेश पानी के लिए तरस रहा है…और इंदौर में तो हालात यह हैं कि पानी मिलना तो दूर जो पानी दिया जा रहा है वह भी इतना दूषित है कि लोगों की जान जा सकती है। प्रशासन भागीरथपुरा की घटना के बाद भी नहीं जागा।
जीतू पटवारी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved