
आज भूमिपूजन करेगा निगम, साढ़े 11 करोड़ की लागत से बनेगी 60 फीट चौड़ी रोड, बाधाओं को हटाने में छूटेंगे पसीने
इंदौर। नगर निगम शासन (Municipal governance) से प्राप्त 450 करोड़ (450 crores) की राशि से मास्टर प्लान (master plan) की 23 सडक़ों का निर्माण करवा रहा है। अब बारिश के बाद जिन सडक़ों के भूमिपूजन (Groundbreaking ceremony) कुछ माह पूर्व किए गए थे उनके निर्माण में तेजी आएगी। वहीं आज 4 बजे अटल द्वार से जंजीरवाला तक बनने वाली 60 फीट रोड का भूमिपूजन किया जा रहा है। साढ़े 11 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इस सडक़ में बाधाओं को हटाना चुनौतीपूर्ण रहेगा।
निगम जनकार्य समिति प्रभारी राजेंद्र राठौर के मुताबिक जंजीरवाला चौराहा अपना एवेन्यू होटल से लक्ष्मी मेमोरियल हॉस्पिटल होते हुए अटल द्वार तक सडक़ का निर्माण होना है। यह सडक़ दो विधानसभा क्षेत्रों 2 और 5 नंबर में आती है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव के अलावा भूमिपूजन में विधायक रमेश मेंदोला, महेंद्र हार्डिया सहित क्षेत्रीय पार्षद मौजूद रहेंगे। राठौर मुताबिक 60 फीट चौड़ी यह रोड निर्मित होगी, जिससे जंजीरवाला से सीधे एमआईजी थाने तक का आवागमन सुगम होगा। हालांकि इसमें कई कच्चे-पक्के मकानों को हटाना भी पड़ेगा। इसके सर्वे की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। अटल द्वार से आगे तक की रोड तो चौड़ी है, मगर उसके आगे टर्निंग पर पक्के मकानों को हटाना चुनौतीपूर्ण रहेगा। निगम की पानी की टंकी के सामने की पूरी पट्टी, जिसमें मकानों के साथ गैरेज सहित कई व्यावसायिक निर्माण भी टूटेंगे। उसके आगे अवश्य निगम ने पुलिया को चौड़ा कर दिया है। निगम के मुताबिक भूमिपूजन के बाद होटल अपना एवेन्यू की तरफ से सडक़ निर्माण का काम शुरू किया जाएगा। राठौर के मुताबिक मास्टर प्लान की सडक़ों के काम में भी अब तेजी आएगी, क्योंकि बारिश बंद हो गई है और सडक़ों के गड्ढे भी अब प्राथमिकता से भरवाए जा रहे हैं।
हड़बड़ी में उद्घाटित मालवा मिल ब्रिज पर अब पोता डामर
पिछले दिनों नगर निगम ने अधूरे निर्मित मालवा मिल ब्रिज का हड़बड़ी में उद्घाटन कर दिया और उसके बाद वाहन चालकों को कई मुसीबतें आने लगीं। कई दिनों तक धूल भी उड़ती रही। उसके बाद फिर कल रात ब्रिज पर डामर की परत बिछाने का काम नगर निगम ने करवाया। पुल और रोड के बीच दो से ढाई इंच का गैप भी था, उसके कारण भी समस्या आ रही थी। निगम का कहना है कि बारिश के कारण डामर की परत बिछाने का काम उस वक्त नहीं हो पाया था।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved