
शिकायतों के बाद और बढ़ेंगे…हर बार 500 से ज्यादा टैंकर शहरभर और आउटर क्षेत्र में दौड़ाए जाते हैं
इंदौर। इस बार गर्मी (Heat) की शुरुआत जल्दी होने के चलते जलसंकट (Water crisis) भी कई क्षेत्रों में होने लगा है। इसके कारण पहले दौर में नगर निगम (Municipal council) 300 टैंकर (300 Tankers) दौड़ा रहा है और आने वाले दिनों में विभिन्न क्षेत्रों से आने वाली शिकायतों के बाद इनकी संख्या बढ़ाई जा सकती है। इस बार टैंकरों की संख्या 500 से बढक़र 700 होने की संभावना है, क्योंकि कई टैंकर भागीरथपुरा में भी दौड़ाए जा रहे हैं।
जिन क्षेत्रों में नर्मदा सप्लाय के कनेक्शन नहीं हैं, वहीं प्राथमिकता से टैंकर भेजे जा रहे हैं, ताकि लोगों को पानी के लिए परेशान न होना पड़े। आउटर क्षेत्रों में भी टैंकर लगातार पानी बांटने का काम कर रहे हैं। हर बार नगर निगम गर्मी के दौरान खुद के 80 से ज्यादा टैंकर और 40 से ज्यादा ट्रैक्टर टैंकर दौड़ाता है। इसके अलावा करीब 400 से ज्यादा टैंकर किराए पर लिए जाते हैं। टैंकर चालकों से पहले ही अनुबंध कर लिया जाता है, ताकि बाद में किसी भी प्रकार की दिक्कत न आए। जलकार्य समिति प्रभारी अभिषेक शर्मा के मुताबिक फिलहाल नगर निगम के टैंकरों के साथ-साथ किराए के टैंकर दौड़ाए जा रहे हैं और इनकी संख्या 300 के आसपास है। जिन क्षेत्रों में जलसंकट है, वहां टैंकर भेजे जा रहे हैं, लेकिन शिकायतों के बाद टैंकरों की संख्या और बढ़ाई जा सकती है। इस बार भागीरथपुरा में भी टैंकरों से पानी बांटने का सिलसिला जारी है और गर्मी में भी यह व्यवस्था वहां रहेगी। इसी के चलते इस बार कुछ ज्यादा टैंकर किराए पर अटैच करना होंगे, ताकि शहरभर में लोगों को पर्याप्त पानी मिल सके।