
एक माह पहले ताले लगाए थे, लेकिन जमा नहीं किया टैक्स, अब नीलामी की तैयारी
इन्दौर। एक माह पहले हुकमाखेड़ी क्षेत्र (Hukmakhedi Area) में नगर निगम (Municipal council) ने लाखों की राशि के कई बकायादारों (Defaulters) के यहां तालाबंदी (Lockdown) की थी और एक माह की मोहलत देकर राशि जमा कराने को कहा था, लेकिन उसके बावजूद राशि जमा नहीं की गई तो अब उक्त क्षेत्र का एक पेट्रोल पंप, रेस्टोरेंट और टर्फ नगर निगम द्वारा नीलाम किए जाएंगे। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही नीलामी होगी।
नगर निगम ने कई बड़े बकायादारों के यहां कार्रवाई करते हुए उनकी सम्पत्तियों पर तालाबंदी की कार्रवाई की थी। इनमें से कई लोगों ने राशि का भुगतान कर दिया, लेकिन कई लोगों ने भुगतान नहीं किया तो उनकी सम्पत्तियों को नीलाम करने की तैयारी अपर आयुक्त शृृंगार श्रीवास्तव के निर्देश पर निगम द्वारा की जा रही है। झोन 21 के अंतर्गत वार्ड 79 में हुकमाखेड़ी क्षेत्र में श्रीपद कौर चंचलसिंह के अरनेजा पेट्रोल पंप को सील किया गया था। पंप हुकमाखेड़ी क्षेत्र में ही संचालित हो रहा है और वहां निगम के विभिन्न टैक्स के करीब साढ़े 9 लाख से ज्यादा की राशि बकाया थी। निगम की टीम ने वहां तालाबंदी कर दी थी और एक माह से पेट्रोल पंप पूरी तरह बंद है। इसके अलावा उक्त वार्ड में ही दयालदास पिता नारायणदास और शान्ताबाई पति बाबूलाल नीमा पर भी कार्रवाई करते हुए उनके रेस्टोरेंट और टर्फ पर ताले लगा दिए गए थे। एआरओ सलमान खान के मुताबिक इसके अलावा शुभ-लाभ रियलिटी प्रा.लि. के प्रगति नगर में एक प्लाट को निगम ने अपने कब्जे में लेकर वहां अपनी मालिकी हक के बोर्ड लगा दिए थे। उक्त तीनों संस्थानों पर निगम का लाखों का टैक्स बकाया है। अधिकारियों के मुताबिक अब पेट्रोल पंप से लेकर प्लाट, टर्फ और रेस्टोरेंट को नीलाम करने की प्रक्रिया की जा रही है। इसके लिए पूरा प्रस्ताव तैयार मुख्यालय को भेजा गया है।
पहले जाहिर सूचना, फिर नीलामी
अफसरों के मुताबिक मुख्यालय से नीलामी के लिए पूरी प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है और इसके लिए प्रस्ताव बनाकर पहले पेट्रोल पंप, प्लाट, रेस्टोरेंट और टर्फ की नीलामी के लिए जाहिर सूचना प्रकाशित की जाएगी और उसके बाद नीलामी की प्रक्रिया पूरी होगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved