नर्मदा के 24 घंटे घर-घर पहुंचने के आयोजन को भव्य बनाएंगे…
भाजपा के कार्यकर्ता निगम केसाथ दशहरा मैदान पर होने वाले कार्यक्रम में पहुंचेंगे
इन्दौर। कल मुख्यमंत्री (CM) के कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए भाजपा (BJP) ने अपना प्लान तैयार किया है। जिन लोगों के क्षेत्र में अमृत योजना (AMRUT Scheme) के इस चरण में पानी की टंकी (Water Tank) बनना है, वहां चार बसें कार्यकर्ताओं को लाने के लिए भेजी जाएंगी तो दूसरे वार्डों को भी दो-दो बसें दी जा रही हैं, जिससे कार्यकर्ता भूमिपूजन कार्यक्रम में पहुंचेंगे। एमआईसी मेम्बरों को भी पांच-पांच बसें भरकर लाने की जवाबदारी दी जा रही है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव कल दशहरा मैदान पर 1736 करोड़ के नर्मदा जल वितरण कार्यक्रम की आधारशिला रखने जा रहे हैं। यह योजना 2029 के हिसाब से तैयार की गई है, जिसमें हर घर में चौबीस घंटे पानी देने का प्रयास किया जा रहा है। कल इसी को लेकर भाजपा कार्यालय में एक बैठक रखी गई। बैठक में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक रमेश मेंदोला, मधु वर्मा, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता सहित एमआईसी सदस्य और पार्षद मौजूद रहे। विजयवर्गीय ने नर्मदा जल वितरण के मामले में कहा कि सबको अपने-अपने क्षेत्र में इस बात का प्रचार करना चाहिए कि सरकार और नगर निगम उनके हित के लिए इंदौर को कितनी बड़ी सौगात देने जा रहा है। इससे वे 29 गांव, जो शहरी सीमा में आ गए हंै और ऐसे स्थान, जहां पानी की टंकी बनाना है, वहां विशेष रूप से प्रचार करना चाहिए। बैठक में एमआईसी मेम्बर नंदू पहाडिय़ा, अभिषेक शर्मा, राजेन्द्र राठौर विशेष रूप से मौजूद रहे। अंत में तय हुआ कि सभी 9 एमआईसी मेम्बरों को 5-5 बसें दी जाएंगी। कार्यकर्ताओं को बसों में भरकर लाना होगा। हालांकि इसके पहले मन की बात सुनने का कार्यक्रम भी बूथ स्तर पर रखा जाएगा। वहीं पार्षदों को दो-दो बसें प्रत्येक वार्ड में दी जा रही हैं। इसमें कांग्रेसी वार्ड भी शामिल हैं। नर्मदा के इस चरण में जिन क्षेत्रों में पानी की टंकियां बनाकर उनके घर नर्मदा का जल वितरित किया जाएगा, वहां से चार-चार बसें भरने के लिए कार्यकर्ताओं और भाजपा नेताओं को बोला गया है। विजयवर्गीय ने कहा कि यह एक बड़ा आयोजन है और इस आयोजन में भाजपा के हर नेता को अपनी ताकत लगाना है। सभी को सुबह साढ़े 10 बजे अपने-अपने वार्ड से निकलने के लिए कहा गया है, ताकि समय पर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचा जा सके।
मां नर्मदा प्रदेश की जीवनदायिनी इंदौर पर उनकी विशेष कृपा है : कैलाश विजयवर्गीय
बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मां नर्मदा मध्यप्रदेश की जीवनदायिनी हैं और इंदौर पर उनकी विशेष कृपा है। चतुर्थ चरण के माध्यम से शहर को अतिरिक्त जल उपलब्ध होगा, जिससे विकास को नई गति मिलेगी और पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मिल रही इस सौगात का स्वागत भव्यता और दिव्यता के साथ किया जाना चाहिए। भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा कि अहिल्या नगरी इंदौर पर मां नर्मदा का विशेष आशीर्वाद है, जिससे शहर निरंतर प्रगति कर रहा है।