
इंदौर। क्राइम ब्रांच ने नेपाल बार्डर से एक तस्कर को गिरफ्तार किया। उसे लेकर टीम इंदौर पहुंच गई है। वह इंदौर में कई लोगों को नेपाल से चरस लाकर सप्लाई करता था। पहले पकड़े गए एक आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसे पकड़ा। क्राइम ब्रांच ने कुछ दिन पहले चंदननगर के शाकिर को ढाई किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया था। उसका पिता पहले एमडी ड्रग्स के साथ पकड़ा गया था। पुलिस ने जब शाकिर से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह मोतिहारी बिहार के रामूप्रसाद यादव से चरस लेकर आता है और इंदौर में सप्लाई करता है। इस पर क्राइम ब्रांच के डीसीपी राजेशकुमार त्रिपाठी ने एक टीम आरोपी की तलाश में भेजी थी।
टीम ने कल रामू को चंपारण बिहार से गिरफ्तार कर लिया। उसको लेकर क्राइम ब्रांच की टीम इंदौर पहुंच गई है। पुलिस ने बताया कि वह इंदौर में कई लोगों को चरस की डिलीवरी करता है। वह खुद नेपाल के चरस तस्करों से जुडा है। वह नेपाल बार्डर पर उनसे चरस लेकर देशभर में कई लोगों को सप्लाई करता है। पुलिस आज उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड लेगी, ताकि उसके इंदौर के कनेक्शन की जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस को इंदौर में आनी वाली चरस के मामले मेंं बड़ी उपलब्धि मिलने की उम्मीद है। इसके चलते पूछताछ की जा रही है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved