
एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट सप्ताह में चार दिन भरेगी उड़ान, 26 मार्च 2027 तक का शेड्यूल जारी
176 सीटर विमान से होगा संचालन, यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट की मजबूरी से मिलेगी राहत
इंदौर। विकाससिंह राठौर
इंदौर (Indore) से थाईलैंड (Thailand) जाने वाले यात्रियों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। एयर इंडिया एक्सप्रेस (Air India Express) इंदौर से बैंकॉक (Bangkok) के बीच सीधी उड़ान शुरू करने जा रही है। फाइनल विंटर शेड्यूल इस उड़ान की शुरुआत 2 दिसंबर (December 2) से तय की गई है। इससे इंदौर से अंतरराष्ट्रीय हवाई कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी और थाईलैंड जाने वाले यात्रियों को सुविधा होगी। अब यात्रियों को बस बुकिंग शुरू होने का इंतजार है।
डीजीसीए द्वारा जारी किए गए फाइनल विंटर शेड्यूल में इंदौर से बैंकॉक के बीच उड़ान का संचालन सप्ताह में चार दिन सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को किया जाएगा। इसका संचालन 26 मार्च 2027 तक के लिए निर्धारित किया गया है। उड़ान का संचालन बोइंग 737 मैक्स 8 विमान से किया जाएगा, जिसमें करीब 176 यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी।
फाइनल शेड्यूल में मिली जगह
इंदौर-बैंकॉक उड़ान को लेकर एयर इंडिया एक्सप्रेस ने विंटर शेड्यूल में स्लॉट मांगा था। पहले आए प्रस्तावित शेड्यूल में इस उड़ान के शुरू होने की तारीख 1 नवंबर बताई गई थी, लेकिन हाल ही में जारी हुए फाइनल शेड्यूल में इसे 2 दिसंबर से शुरू करना तय किया गया है। हालांकि एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अब तक अपनी वेबसाइट पर इस फ्लाइट की बुकिंग शुरू नहीं की है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही कंपनी फ्लाइट की बुकिंग शुरू करेगी, जिससे यात्रियों को सुविधा मिल सकेगी।
जोधपुर और गोंदिया के लिए भी उड़ान
फाइनल शेड्यूल में इंदौर से दो शहरों के लिए नई उड़ाने शुरू होने की भी बात सामने आई है। इंडिगो एयरलाइंस सप्ताह में चार दिन इंदौर से जोधपुर की उड़ान का संचालन शुरू करेगी, जो लंबे समय से बंद थी। इसी तरह स्टार एयर द्वारा इंदौर से गोंदिया के लिए सप्ताह में पांच दिन सीधी उड़ान का संचालन किया जाएगा। स्टार एयर इससे पहले भी इंदौर से अपनी उड़ानों का संचालन कर चुकी है, वहीं इंदौर से जबलपुर का कनेक्शन टूटने जा रहा है, क्योंकि फाइनल शेड्यूल में भी इंदौर से जबलपुर की कोई उड़ान नजर नहीं आ रही है।
समय और पैसों की होगी बचत
कटारिया ने बताया कि फिलहाल इंदौर से बैंकॉक के लिए सीधी उड़ान उपलब्ध नहीं होने के कारण यात्रियों को दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु या हैदराबाद जैसे शहरों से कनेक्टिंग फ्लाइट लेनी पड़ती है। इससे यात्रा में अतिरिक्त समय लगता है और खर्च भी बढ़ सकता है। सीधी उड़ान शुरू होने से यात्रियों को यह परेशानी कम होगी। इससे इंदौर सहित मध्य प्रदेश से अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इंदौर से हर साल हजारों पर्यटक थाईलैंड घूमने जाते हैं। दिसंबर पर्यटन का सीजन भी माना जाता है इसलिए समय फ्लाइट शुरू होने से यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
सुबह 9.40 बजे जाएगी, शाम 6.50 बजे आएगी
शेड्यूल के अनुसार एयर इंडिया एक्सप्रेस की यह फ्लाइट सप्ताह में चार दिन बेंगलुरु से सुबह 8.10 बजे इंदौर आकर सुबह 9.40 बजे बैंकॉक के लिए रवाना होगी। वहीं वापसी में यह उड़ान शाम 6.50 बजे बैंकॉक से इंदौर पहुंचेगी। यहां से यह विमान 8:25 बजे बेंगलुरु रवाना होगा। ट्रैवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया ने बताया कि यात्रियों के लिए फ्लाइट के जाने और आने का समय बहुर हो अच्छा है। सही समय पर यात्री बैंकॉक पहुंचकर चेक-इन कर सकेंगे और वापसी में चेकआउट के बाद कुछ देर घूमते हुए एयरपोर्ट पर आकर शाम को इंदौर पहुंच जाएंगे। जिससे उन्हें आने और जाने में कोई परेशानी नहीं होगी।
फिर लगेगा उड़ानों का सैकड़ा
फाइनल विंटर शेड्यूल में इंदौर से आने और जाने वाली कुल 124 उड़ानों की जानकारी दर्ज है, लेकिन इनमें कई उड़ाने दिन के हिसाब से दोहराव होने के कारण एक से ज्यादा बार दर्ज है। इनके अलावा देखा जाए तो इंदौर से करीब 102 उड़ानें संचालित होना तय है। इनमें कई उड़ाने रोजाना ना होकर सप्ताह में तीन से पांच दिन संचालित होना है। इस तरह सप्ताह में कई बार इंदौर से नियमित उड़ानों की संख्या सैकड़े को पार करेगी, जबकि अभी इंदौर से रोजाना करीब 80 उड़ानों का ही संचालन हो रहा है। इस तरह कई मार्गों पर इंदौर को कुछ और नहीं उड़ानें भी मिलना तय हो चुका है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved