
इंदौर, विकाससिंह राठौर। इंदौर से दुबई (Indore to Dubai) के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। नवंबर (November) से इंदौर से दुबई के बीच संचालित होने वाली उड़ान का समय बदलने वाला है। यह उड़ान मौजूदा समय की अपेक्षा दो घंटे पहले आएगी और जाएगी। इससे दुबई जाने वाले यात्रियों को तो सुविधा होगी, लेकिन देर रात दुबई पहुंचने के बाद उन्हें परेशान होना पड़ सकता है।
इंदौर से दुबई के लिए सीधी उड़ान अभी गुरुवार रात को दुबई से इंदौर आकर रात 12 के बाद, यानी शुक्रवार को दुबई जाती है, लेकिन 2 नवंबर से यह उड़ान करीब 2 घंटे पहले रवाना होगी। एयरपोर्ट पर इंदौर से तो यात्री जल्दी रवाना हो जाएंगे, लेकिन दुबई में विमान रात 1.20 बजे पहुंचेगा और जांच के बाद 2 बजे तक जब वह बाहर निकलेगा तो होटल का पूरे दिन का किराया देना पड़ेगा।
यह होगा शेड्यूल
इंदौर से 30 मार्च 2023 से शुरू हुई यह उड़ान अभी हर गुरुवार को दुबई के स्थानीय समयानुसार शाम 5.50 बजे दुबई से रवाना होकर रात भारतीय समयानुसार 10.40 बजे इंदौर पहुंचती है। वहीं यहां से रात 12.45 बजे रवाना होकर यह फ्लाइट दुबई के समयानुसार 2.55 बजे दुबई पहुंचती है। जबकि 28 अक्टूबर से लागू होने जा रहे नए विंटर शेड्यूल के तहत 2 नवंबर से यह फ्लाइट शाम को दुबई के समयानुसार 5 बजे वहां से रवाना होकर रात 10.05 बजे इंदौर पहुंचेगी और यहां से महज 50 मिनट बाद रात 10.55 बजे रवाना होकर दुबई के समयानुसार रात 1.20 बजे दुबई पहुंचेगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved