
इंदौर। पहलगाम (Pahalgam) पर हुए हमले के बाद पाकिस्तान (Pakistan) को जोरदार जवाब देने के लिए भारतीय सेना (Indian Army) की सराहना करने के मकसद से आज शाम को तिरंगा यात्रा (Tiranga Yatra) का आयोजन किया गया है। इस यात्रा के लिए समाज में जोरदार जोश है। यात्रा के मार्ग पर 150 स्वागत मंच बनाए जाएंगे। इस यात्रा में सामाजिक संगठन, व्यापारिक संगठन, औद्योगिक संगठन, स्वयंसेवी संगठन, महिला संगठन और धार्मिक संगठन भी सहभागिता कर रहे हैं। यात्रा में सबसे आगे होगा डीजे तो यात्रा के बीच में जगह-जगह बैंड, झांकी और रथ होंगे।

सोफिया कुरैशी के रूप में भी युवती होगी घोड़े पर सवार
भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी के रूप में भी एक युवती तैयार होकर घोड़े पर सवार होगी। यह युवती इस तिरंगा यात्रा में सबसे आगे 20 महापुरुषों के रूप में घोड़े पर सवार लोगों के साथ चलेगी।
निगम ने बनाया तिरंगा रथ, झांकी
आज शाम को आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा के लिए नगर निगम द्वारा तिरंगा रथ बनाया गया है। इस रथ में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और अन्य प्रमुख नेता सवार होंगे। आयशर गाड़ी पर बनाए गए इस रथ में चारों तरफ तिरंगा लगाया गया है।
बोहरा समाज के तीन तो मुस्लिम समाज का एक बैंड रहेगा यात्रा में
तिरंगा यात्रा में अल्पसंख्यक वर्ग की सहभागिता को सुनिश्चित किया गया है। इस यात्रा में बोहरा समाज के तीन स्काउट के बैंड शामिल होंगे। इसके साथ ही मुस्लिम समाज का भी एक बैंड शामिल रहेगा। बोहरा समाज के बैंड के साथ बोहरा समाजजन परंपरागत वेशभूषा में चलेंगे। मुस्लिम समाज के बैंड के साथ 1000 मुस्लिम नागरिक परंपरागत वेशभूषा कुर्ता-पजामा पहनकर व टोपी लगाकर चलेंगे। इस यात्रा में सिख समाज के 700 पुरुष और 300 महिलाएं शामिल होंगी। यह सभी लोग खालसा स्कूल के मैदान में एकत्रित होंगे और वहां से जुलूस के रूप में इस यात्रा में भाग लेने के लिए बड़ा गणपति चौराहा पर पहुंचेंगे।
कुछ इस तरह है यात्रा की तैयारी….
– तिरंगा यात्रा में अदर बैकवर्ड कास्ट ओबीसी के 23 संगठन भाग लेंगे।
– अनुसूचित जाति समाज के 73 संगठन कार्यकर्ताओं के साथ शामिल होंगे।
– सब्जी मंडी, अनाज मंडी और मजदूर चौक पर काम करने वाले लोग शामिल होंगे।
– भगवा रिक्शा संगठन के सदस्य भाग लेंगे।
– कामगारों के 37 संगठन के कार्यकर्ता पहुंचेंगे।
– राजपूत समाज के 23, ब्राह्मण समाज के 20, सिंधी समाज के 500 नागरिक भाग लेंगे।
– अग्रवाल समाज, पाटीदार समाज, बंजारा समाज, कायस्थ समाज और बंगाली समाज के लोग बैनर के साथ यात्रा में भाग लेंगे।
– महाराष्ट्रीयन समाज के नागरिक भजन मंडली के साथ महाराष्ट्रीयन वेशभूषा में शामिल होंगे।
– 15 कॉलेज और स्कूलों का स्टाफ, 9 बड़ी कोचिंग क्लास के विद्यार्थी भाग लेंगे।
– ओलंपिक संगठन, कुश्ती संगठन, फुटबॉल संगठन के खिलाड़ी भी यात्रा में भाग लेंगे।
– वैष्णव ट्रस्ट, गुजराती ट्रस्ट के साथ ही शहर के डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ अधिवक्ताओं के संगठन भी इस तिरंगा यात्रा में भाग लेंगे।
– शहर के विभिन्न महिला संगठन कार्यकर्ताओं के साथ इस यात्रा में पहुंचेंगे।
– भाजपा के सभी 35 मंडल से आने वाले कार्यकर्ता अपने विधानसभा क्षेत्र के विधायक के साथ इस यात्रा में शामिल होंगे।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved