
इंदौर। नगर निगम ने आज सभी झोनलों पर राजस्व वसूली के लिए कैम्प लगाए हैं और करदाताओं के लिए निगम का वाट््सऐप नंबर जारी किया है, जिसके माध्यम से कोई भी करदाता बकाया राशि की जानकारी घर बैठे ले सकेगा। इसके अलावा कल झोन तीन की राजस्व टीम ने तीन वार्डों के बड़े बकायादारों के नाम सार्वजनिक करते हुए उनकी सूची फिर राजबाड़ा चौक पर लगा दी। इनमें से कई पर लाखों की राशि बकाया है।
नगर निगम द्वारा आज सभी झोनलों पर विशेष शिविर लगाया गया है, जिसमें करदाता अपनी राशि जमा कर सकेंगे और राशि जमा करने के साथ ही सम्पत्ति कर, जलकर और अन्य बिलों की शिकायतों का निराकरण भी किया जा सकेगा। नगर निगम ने एक वाट््सऐप नंबर भी जारी किया है, जिस पर करदाताओं को घर बैठे बकाया राशि की जानकारी मिल सकेगी और वे ऑनलाइन राशि जमा भी कर सकेंगे।
सभी झोनों पर सुबह से राजस्व विभाग के अधिकारी अपनी टीमों के साथ मौजूद थे। वहीं झोन तीन के वार्ड 56, 57, 58 में 1 लाख से लेकर 26 लाख रुपए तक की बकाया राशि को लेकर 57 बड़े बकायादारों की सूची राजस्व अफसर अनिल निगम, विनोद पाण्डे, सुनील तायड़े ने तैयार कराई और उसे राजबाड़ा चौक पर लगा दिया। इससे पहले भी राजबाड़ा चौक पर कई बड़े बकायादारों की सूची लगाई थी, जिसके बाद उनमें से अधिकांंश ने झोन पर पहुंचकर बकाया राशि जमा करा दी थी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved