
दीपावली पर जलाई अखंड ज्योत से घर में लगी आग…
इंदौर. इंदौर (Indore) में पेंटहाउस ( penthouse) में आग लगने से नर्मदा सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रवेश अग्रवाल (Pravesh Agarwal) की मौत हो गई। उनकी बड़ी बेटी सौम्या झुलस गई है, उसकी हालत गंभीर है। हादसा गुरुवार सुबह करीब 5 बजे हुआ।

जानकारी के अनुसार, लसूड़िया इलाके में कांग्रेस नेता प्रवेश अग्रवाल का सौम्या महिंद्रा कार शोरूम है। शोरूम के ऊपर पेंटहाउस में प्रवेश का परिवार रहता है। आग लगने के दौरान घर में प्रवेश, उनकी पत्नी श्वेता और दोनों बेटियां सौम्या (15) और मायरा (10) मौजूद थे। दम घुटने से प्रवेश अग्रवाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बड़ी बेटी सौम्या को गंभीर हालत में बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
बताया जा रहा है कि गार्ड्स ने कांग्रेस नेता की पत्नी श्वेता और छोटी बेटी मायरा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। घटना का सबसे बड़ा कारण हाई सिक्योरिटी बताया जा रहा है। अंदर एसी और डिजिटल लॉक लगे थे, जो रिमोट या फिंगर टच से ही खुलते थे। सुबह धुंए के कारण लॉक नहीं खुल पाया। इसी के कारण कमरे में धुंआ भर गया।
मंदिर से शोरूम तक फैली आग
टीआई तारेश सोनी के मुताबिक, अलसुबह उन्हें आगजनी की सूचना मिली। उन्होंने मौके पर एफआरवी को भेजा। प्रारंभिक जानकारी में पता चला कि ऊपर पेंटहाउस में मंदिर में अखंड दीपक जल रहे थे। वहीं, पास में ही एक स्टोर रूम भी था। आशंका है कि मंदिर से ही आग की शुरुआत हुई होगी।
पहले धुआं भरने से उनकी पत्नी और छोटी बेटी बाहर की तरफ आईं। उन्होंने गार्ड को ऊपर से आवाज दी। इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। धुएं से प्रवेश अग्रवाल और उनकी 15 वर्षीय बड़ी बेटी सौम्या को बाहर निकाला गया। प्रवेश बेसुध हालत में थे। उन्हें सीपीआर दिया गया और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां उनकी मौत हो गई।
पत्नी-छोटी बेटी को सुरक्षित निकाला
कांग्रेस नेता अमित चौरसिया ने बताया, जब घर में आग लगी तो प्रवेश अग्रवाल ने अपनी छोटी बेटी और पत्नी की बाहर निकाला। गार्ड्स इन्हें ले गए। इसके बाद वह बड़ी बेटी को बाहर निकालने गए, तब वे खुद धुएं की चपेट में आ गए, जिससे दम घुटने से उनकी मौत हो गई।
आग लगने का यह कारण चूहों के चक्कर में हुई घटना
बताया जा रहा है कि अग्रवाल के पेंट हाउस में एक मंदिर है, जिसमें अखंड ज्योत जलती है। रात को चूहों द्वारा ज्योत की रूई को खाने के चक्कर में रूई दीपक से मुंह से हटाई और जलती रूई से घर में रखे कपड़ों ने आग पकड़ ली, जिससे आग लग गई।
नर्मदा सेना बनाई थी, कांग्रेस के पदाधिकारी भी थे
प्रवेश अग्रवाल के शोरूम के पीआरओ अखिलेश सिंह ने बताया कि प्रवेश अग्रवाल ने नर्मदा युवा सेना बनाई थी और इस संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी थे। इसके अलावा वे कांग्रेस की राजनीति से भी जुड़े थे। वे देवास से कांग्रेस की राजनीति करते थे।
हर साल नया शोरूम खोलते थे, कई लोगों को देते थे रोजगार
प्रवेश अग्रवाल के इंदौर में राजेंद्र नगर और देवास नाका पर दो बड़े शोरूम हैं। इसके अलावा खरगोन, बड़वानी, देवास, कुक्षी और अन्य शहरों में भी शोरूम हैं। वे हर साल दीपावली पर एक शोरूम खोलते थे और कई लोगों को रोजगार देते थे। इस साल भी उन्होंने अन्नपूर्णा क्षेत्र में एक दोपहिया शोरूम खोला।
View this post on Instagram
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved