
इंदौर के राजेंद्र नगर थाना (Rajendra Nagar Police Station) क्षेत्र में सोशल मीडिया पर मारपीट के दो अलग-अलग वीडियो वायरल (viral video) होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दोनों ही मामलों में वीडियो के आधार पर तत्परता दिखाते हुए शामिल लोगों की पहचान कर ली है। आईपीएस कॉलेज के सामने छात्रों के बीच हुए विवाद में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है, वहीं दूसरे मामले में शामिल नाबालिग बच्चों के परिजनों को बुलाकर पुलिस नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई कर रही है। आइए देखते हैं इस पूरी खबर पर हमारी यह रिपोर्ट।
इंदौर शहर में सोशल मीडिया पर असामाजिक गतिविधियों और सार्वजनिक स्थानों पर मारपीट के वीडियो वायरल होने के मामलों को पुलिस कमिश्नरेट ने बेहद गंभीरता से लिया है।ताजा मामला राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर दो अलग-अलग मारपीट के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे थे।पहला मामला प्रतिष्ठित आईपीएस कॉलेज के ठीक सामने का है, जहां कुछ छात्र आपस में किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट करते नजर आ रहे थे। वीडियो सामने आते ही राजेंद्र नगर पुलिस ने छात्रों की पहचान की और उनके खिलाफ तुरंत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई अंजाम दी।वहीं सोशल मीडिया पर वायरल हुआ दूसरा मामला एक युवती और कुछ बच्चों के बीच हुई मारपीट से जुड़ा हुआ है।वीडियो का संज्ञान लेते ही पुलिस ने इसमें शामिल बच्चों की पहचान कर ली, जो कि नाबालिग पाए गए हैं।नाबालिगों के संलिप्त होने के कारण राजेंद्र नगर पुलिस ने उनके माता-पिता और परिजनों को थाने तलब किया है और नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और वायरल वीडियो के आधार पर आगे भी निगरानी जारी रहेगी।
राजेश दंडोतिया (एडिशनल डीसीपी, इंदौर)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved