
इंदौर। संविद नगर से हटाए गए सब्जी व्यापारियों ने कल अपने परिजनों और बच्चों के साथ धरना दिया और निगम अफसरों पर तानाशाही के आरोप लगाए। दूसरी ओर विवाद बढ़ता देख कल शाम को वहां तिलक नगर थाने के पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, ताकि कोई विवाद न हो। बीते चार दिनों से वहां हंगामा चल रहा है और अब कुछ अन्य वैकल्पिक स्थान भी सब्जी व्यापारियों के लिए ढूंढे जा रहे हैं।
संविद नगर की गली में लगने वाली सब्जी मंडी को रहवासियों के विरोध के चलते हटाया गया था और इसके बाद वहां निगम की रिमूवल टीमें तैनात की गईं, ताकि फिर से मंडी संचालित न हो। कल सब्जी व्यापारियों ने वहां जमा होकर धरना दिया और निगम अफसरों के खिलाफ नारेबाजी की। व्यापारियों का कहना है कि वे वर्षों से उक्त गली में दुकानें लगा रहे हैं, जिससे उनका परिवार चलता है, लेकिन उन्हें कोई वैकल्पिक सही स्थान दिए बगैर हटा दिया गया, जिससे अब उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। विवाद बढ़ता देख और नारेबाजी के बाद तिलक नगर थाने के कई पुलिसकर्मियों को वहां तैनात किया गया। उसके साथ ही निगम का रिमूवल अमला भी पूरे समय तैनात रहा, ताकि फिर से वहां दुकानें लगना शुरू न हों। सब्जी व्यापारी इस मामले को लेकर जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ नगर निगम के आला अधिकारियों से मिलकर अपनी व्यथा बताएंगे।
अवैध सब्जी मंडी पर सियासी संग्राम, बीजेपी-कांग्रेस आमने-सामने
संविद नगर कनाडिय़ा रोड पर लगने वाली अवैध सब्जी मंडी को लेकर शहर की राजनीति गर्मा गई है। मंडी हटाने की कार्रवाई के बाद अब इस मुद्दे पर बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं। दरअसल संविद नगर रहवासी संघ और व्यापारियों ने पूर्व में निगमायुक्त और महापौर भार्गव, विधायक महेंद्र हार्डिया और एमआईसी सदस्य राजेश उदावत को ज्ञापन सौंपकर मंडी हटाने की मांग की थी। ज्ञापन में मंडी क्षेत्र में महिलाओं और बालिकाओं के साथ छेड़छाड़ तथा नशे के कारोबार जैसी शिकायतें भी दर्ज कराई गई थीं। निगम की कार्रवाई के बाद कांग्रेस नेता जैनेश झांझरी, ब्लॉक अध्यक्ष शैलेष लाला और अंकित दुबे सब्जी विक्रेताओं के समर्थन में उतर आए। उन्होंने मौके पर पहुंचकर नारेबाजी और धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के हस्तक्षेप से जब्त ठेले दोबारा दिलवाए जाने की बात सामने आई।
इस घटनाक्रम से नाराज रहवासियों ने भाजपा नेताओं से शिकायत की, जिस पर क्षेत्रीय भाजपा नेता राजा कोठारी, पार्षद व एमआईसी सदस्य राजेश उदावत और विधायक महेंद्र हार्डिया सक्रिय हुए। उन्होंने निगमायुक्त से चर्चा कर नाराजगी जताई और दो टूक कहा कि नियमों के पालन में दोहरा रवैया स्वीकार्य नहीं होगा। बातचीत के दौरान भाजपा नेताओं ने निगमायुक्त को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कांग्रेस के दबाव में कार्रवाई प्रभावित होती है तो इसकी शिकायत उच्च स्तर तक की जाएगी। इस पर निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि संविद नगर में मंडी नहीं लगने दी जाएगी और इसे केवल निर्धारित हॉकर जोन में ही संचालित किया जाएगा। साथ ही दोबारा ठेले लगने पर तत्काल जब्ती की बात भी कही गई। फिलहाल यह मुद्दा सियासी रंग ले चुका है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved