
इंदौर। इंदौर में एक बार फिर सड़क पर कानून को ताक पर रखकर खुलेआम मारपीट का मामला सामने आया है। बीच चौराहे को अखाड़ा बनाकर दो युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। पूरी घटना राहगीरी के कैमरे में भी कैद हो गई। दरअसल इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पाटनीपुरा चौराहे के पास आस्था टॉकीज के नजदीक उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दो युवकों ने बीच सड़क को अखाड़ा बना दिया। दोनों के बीच जमकर लात-घूंसे चले और एक-दूसरे को सड़क पर पटक-पटक कर बेरहमी से पीटा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद की शुरुआत गाड़ी टकराने की बात को लेकर हुई थी, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। मारपीट के दौरान कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। घटना के दौरान राह चलते लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों युवकों को झगड़ा करने से रोका। वहीं पूरी घटना किसी राहगीर द्वारा मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर ली गई, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। फिलहाल पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल वीडियो के आधार पर मारपीट करने वाले युवकों की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved