
साढ़े 4 करोड़ में निगम ने दिया ठेका, पुराने पुल के आसपास 40-40 फीट की दो नई स्लैब बिछेगी
इंदौर। नगर निगम (Municipal council) इसी माह पलासिया से एबी रोड (AB Road) को जोडऩे वाले वर्षों पुराने छोटे पुल (Small Bridges) को चौड़ा करने की तैयारी में है। इसके लिए साढ़े 4 करोड़ में ठेका दिया गया है। वर्षों पुराने पुल पर आए दिन यातायात जाम होता था और अब नया पुल 100 फीट चौड़ा बनाया जाएगा। इसके लिए वर्तमान पुल के आसपास के हिस्सों में 40-40 फीट की दो स्लैब नई डाली जाएगी और यह काम कुछ ही दिनों में पूरा करने का टारगेट है।
जंजीरवाला से होते हुए पलासिया जाने वाले मार्ग पर वर्षों पुराना पुल बमुश्किल 20 से 25 फीट चौड़ा है और दिनभर वहां यातायात का दबाव रहने के कारण जाम लगता है। इसको लेकर निगम भी कई बार विशेषज्ञों के साथ वहां के लिए योजना बनाई, लेकिन विभिन्न कारणों के चलते मामला उलझनों में पड़ा था। अब निगम द्वारा वर्षों पुराने इस पुल को तोडऩे के बजाय उसके आसपास के हिस्सों में 40-40 फीट की नई स्लैब बिछाई जाएगी। जनकार्य समिति प्रभारी राजेंद्र राठौर के मुताबिक पुल 100 फीट चौड़ा बनाया जाएगा, जिससे वाहन चालकों को दिक्कतें नहीं होंगी। इसके लिए नगर निगम संभवत: इसी माह काम शुरू कराने की तैयारी में है। पूर्व में मालवा मिल से पाटनीपुरा पुल के निर्माण कार्य के चलते इसका काम शुरू नहीं किया गया था, क्योंकि अगर उक्त पुल का भी काम शुरू कर दिया जाता तो फिर दिक्कत ज्यादा हो जाती। अब निगम अधिकारी उक्त पुल को बनाने से पहले यातायात पुलिस के अधिकारियों के साथ इस क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को लेकर मौका निरीक्षण भी करेंगे। उसके बाद वैकल्पिक मार्गों पर भी चर्चा होगी और साथ ही वैकल्पिक मार्गों के बोर्ड भी उन क्षेत्रों में लगाए जाएंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved