
इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र में हुई लाखों की चोरी के आरोपियों को पुलिस ढूंढ रही है, लेकिन इसी बीच पुलिस को सूचना मिली है कि आरोपियों और फरियादी के बीच गुपचुप समझौता हो गया है। इसके बाद पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस का कहना है कि केस दर्ज है, आरोपियों की गिरफ्तारी हर हाल में होगी।
कुछ दिन पहले बाणगंगा थाना क्षेत्र में विनोद यादव के यहां 40 लाख की चोरी हुई थी। बताते हैं कि उन्होंने कुछ दिन पहले ही एक प्लाट बेचा था और उसका पैसा घर में रखा था, जबकि बाकी के जेवर थे। ये वैष्णोदेवी दर्शन करने गए थे, उस दौरान चोरी हो गई। पुलिस ने फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कर ली।
एक ब्रोकर के करीबी ने ही तीन लोगों से चोरी करवाई थी। करीबी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन तीनों चोर पुलिस के डर से इंदौर से बाहर भाग गए थे। पुलिस के लाख प्रयास के बाद भी वे नहीं लौटे हैं। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली है कि आरोपियों और फरियादी के परिवार ने गुपचुप समझौता कर लिया है। इसके बाद पुलिस हरकत में आ गई और आरोपियों पर नजर रखे हुए है। पुलिस का कहना है कि केस दर्ज है, इसमें हर हाल में आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved