
इंदौर। आज सुबह रीजनल पार्क (Regional Park) के बाहर फुटपाथ (Sidewalk) के समीप लगे विशाल पाइप (Massive pipe) से पानी सड़कों पर बहता रहा और वाल्व (Valve) बंद नहीं किए जाने के कारण यह मामला हुआ। लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया और कहा कि कई क्षेत्रों में लोग पानी के लिए परेशान हो रहे हैं और निगम की लापरवाही से इस प्रकार पानी सड़कों पर व्यर्थ बह रहा है।
शहरभर के कई वार्डों में पानी बांटने के लिए नगर निगम 600 के आसपास टैंकर दौड़ा रहा है, जिनमें कई प्राइवेट से लेकर निगम के खुद टैंकर भी शामिल हैं। इसके बावजूद कई क्षेत्रों में टैंकर नहीं पहुंचने की शिकायतें लगातार आ रही हैं। वहीं दूसरी ओर कई क्षेत्रों में नर्मदा की सप्लाय लाइन नहीं होने के चलते दिक्कतें ज्यादा हो रही हैं। निगम के कंट्रोल रूम और झोनलों पर सर्वाधिक शिकायतें पानी को लेकर ही आ रही हैं। आज सुबह रीजनल पार्क के बाहर फुटपाथ पर लगे एक पाइप से तेजी से बह रहे पानी को लेकर लोगों ने वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। कई लोगों ने इसे निगम की घोर लापरवाही बताया और कहा कि वहां इतना पानी बह रहा है कि थोड़ी ही देर में आसपास के सारे इलाकों में पानी नजर आने लगा। निगम पानी बांटने के लिए टैंकर तो दौड़ा रहा है, लेकिन इस प्रकार की लापरवाही भी भारी पड़ रही है। वीडियो में कहा गया कि वहां पानी भरने के लिए लगाए गए पाइप का वाल्व किसी ने बंद नहीं किया और उसी के कारण सारी स्थिति बनी।