
इंदौर। शहर में पुलिस लगातार ड्रोन पेट्रोलिंग कर रही है। कल रात छत्रीपुरा पुलिस ने ड्रोन पेट्रोलिंग के दौरान गरबा पंडाल के पास शैडो एरिया में सड़क पर शराब पीते तीन लोगों को पकड़ा। पुलिस ने इस साल गरबों के दौरान जहां अंडरकवर एजेंट बनाकर पुलिसकर्मियों को गरबों में भेजा और छेड़छाड़ करने वाले और फोटो खींचने वालों को दबोचा, वहीं पुलिस की महिला टीम लगातार सर्चिंग कर रही थी। इसके अलावा पुलिस ने गरबा पंडालों के आसपास ड्रोन पेट्रोलिंग भी करवाई। कल छत्रीपुरा टीआई संजय श्रीवास्तव अपने क्षेत्र में ड्रोन से शैडो एरिया की पेट्रोलिंग करवा रहे थे। इस दौरान एक गरबा पंडाल के पीछे टीन शेड में तीन लोग शराब पीते दिखाई दिए। टीम तुरंत वहां पहुंची और तीनों को दबोच लिया। उनके नाम सुरभान, रिंकू और भुवान हैं। ये तीनों जोबट के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके पास से शराब की बोतल और गिलास जब्त किए। इसके पहले भी पुलिस ड्रोन पेट्रोलिंग से कई बार जुआ पकड़ चुकी है।
चेकिंग में पुलिस ने कार को रोका तो हथियार मिले, तीन पकड़ाए
हातोद पुलिस ने कल रात चेकिंग में एक कार को रोका और उसकी तलाशी ली। कार से पुलिस ने तलवारें और अन्य हथियार बरामद किए। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस हातोद के अनुसार कल रात एसआई मिथिलेश वाजपेयी पढावा चौराहे पर चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान एक कार को रोका तो वे भागने लगे, लेकिन टीम ने उन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया। कार की तलाशी लेने पर पुलिस ने कार से दो तलवारें, एक फरसा, एक दरांता, पाइप, डंडे और एंगल जब्त किए। पुलिस ने इस सिलसिले में कार में सवार चेतन पिता विनोद सोलंकी, सूरज सोलंकी और विनोद पिता मानसिंह को गिरफ्तार किया। तीनों देपालपुर के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ 25 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। अब पुलिस पता लगा रही है कि ये हथियार लेकर कहां जा रहे थे। ये किसी पर हमला तो करने नहीं जा रहे थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved