
इन्दौर। क्या कभी पानी पर डाका डाला जा सकता है? जी हां, आज के दौर में सबकुछ संभव है। एक वार्ड के पानी की लाइन में से 8 इंची अवैध कनेक्शन लेकर दूसरे वार्ड में पानी पहुंचाने के खिलाफ आज एक वार्ड के रहवासियों ने प्रदर्शन किया। रहवासियों का कहना था कि लाइन उनके क्षेत्र के लिए डली थी, लेकिन भाजपा पार्षद ने दबाव डालकर उसमें से दूसरे क्षेत्र को पानी देने के लिए कनेक्शन करवा दिया, जिससे जल समस्या बढ़ गई है।
पार्षद ने पीटा निगमकर्मियों को
सोनाली मिमरोट ने आरोप लगाया कि कल निगम अधिकारियों द्वारा जगदीश पाटिल और दो अन्य को उक्त अवैध इंटरकनेक्शन के वॉल्व का निरीक्षण एवं ऑपरेट करने भेजा गया तो वहां पहले से मौजूद पार्षद लालबहाद्दुर वर्मा और उनके साथियों ने उन्हें पीटा और भगा दिया। हालांकि नगर निगम अधिकारियों ने इस तरह की घटना से इनकार किया।
मामला वार्ड क्रमांक 45 का है, जहां की महिला पार्षद सोनिला मिमरोट नेे आज लाला का बगीचा के रहवासियों के साथ विकास नगर में बनी पानी की टंकी पर विरोध कर नारेबाजी की। मिमरोट का आरोप है कि यहां नई पानी की टंकी बनने के बाद उनके क्षेत्र में जल प्रदाय किया जाना था, लेकिन इस टंकी की मेन लाइन में से अवैध रूप से इंटरकनेक्शन कर दिया गया, जो 8 इंची पाइप लाइन से जोड़ दिया गया। जिन इलाकों में यहां से पानी सप्लाय होना था वे पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि टंकी से निर्धारित योजना अनुसार दो ग्रुप में विभाजित कर जल वितरण किया जाना तय किया गया था। गु्रप-2 के अंतर्गत लाला का बगीचा, रुस्तम का बगीचा एवं रूपेश यादव नगर में निर्धारित लूप के अनुसार जल प्रदाय किया जा रहा था, लेकिन कुछ महीने पहले वार्ड क्रमांक 26 के पार्षद लालबहादुर वर्मा ने बिना परमिशन लिए अवैधानिक रूप से उनके क्षेत्र में जा रही पाइप लाइन में नेहरू नगर रोड नं. 5 पर 8 इंच का अवैध इंटरकनेक्शन करवा लिया गया और पुरानी लाइन से नई लाइन को जोड़ दिया।
इससे इन इलाकों में जाने वाला पानी प्रभावित होकर नेहरू नगर में डायवर्ट होने लगा। इसी तरह बैरवा धर्मशाला के पास कालका माता मंदिर के सामने भी नेहरू नगर के 20 मकानों के लिए नई लाइन डालकर लाला का बगीचा की पानी की लाइन से अवैध रूप से लाइन जोड़ ली गई, जिससे वहां आसपास के घरों में पानी का प्रेशर कम हो गया। इसी तरह रूपेश यादव नगर स्थित विनोद आटाचक्की एवं रुस्तम का बगीचा में भी लाइन जोड़ ली गई। पुरानी लाइन में नई लाइन जोड़ने के कारण एक तो पानी की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है और पानी कम दबाव से आ रहा है, जो पर्याप्त नहीं है। पार्षद मिमरोट ने मांग की कि इस अनधिकृत छेड़छाड़ से आमजन का स्वास्थ्य भी प्रभावित हो रहा है। इस प्रस्तावित प्रोजेक्ट की ड्राइंग में नेहरू नगर नहीं है, फिर कैसे और किसकी अनुमति से इतना बड़ा अवैधानिक कृत्य किया गया? इसकी शिकायत निगम अधिकारियों को की गई, लेकिन अभी तक उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की, इसलिए आज लोगों को सड़कों पर उतरना पड़ा। उन्होंने मांग की कि टंकी को प्रतिदिन भरकर एक दिन लाला का बगीचा में और एक दिन नेहरू नगर में सप्लाई दिया जाए। नेहरू नगर रोड नं. 5 और कालका माता मंदिर के सामने किए गए इन दोनों अवैध इंटरकनेक्शन एवं अन्य दोनों स्थानों से तत्काल प्रभाव से लाइन काटी जाए। पुरानी एवं नई लाइन को जोड़ने से दूषित जल आपूर्ति की जांच कर तत्काल रोक लगाई जाए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved