
रैलिंग तोडऩे के साथ बस स्टॉप भी हटना शुरू
इंदौर। हाईकोर्ट (High Court) की कई बार फटकार खाने (get reprimanded) और बार-बार टेंडर बुलाने की प्रक्रिया के चलते बीआरटीएस (BRTS) का काम लेटलतीफी का शिकार हुआ। मगर अब निगम ने आधा दर्जन ठेकेदारों को लगाकर रैलिंग हटाने, बस स्टॉप तोडऩे के काम में तेजी लाई है और उसके साथ ही सेंट्रल डिवाइडर का काम भी मौके पर शुरू हो गया है। आज सुबह निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने भी अधिकारियों के साथ बीआरटीएस का दौरा किया और चल रहे कार्य को देखा।
कई महीने तक तो नगर निगम टेंडरों को निरस्त करने और नई ठेकेदार एजेंसी को ढूंढने में ही लगा रहा और दूसरी तरफ हाईकोर्ट द्वारा लगातार सुनवाई के दौरान इस बात पर नाराजगी जाहिर की जाती रही कि इतना बड़ा अमला होने के बावजूद नगर निगम अभी तक बीआरटीएस को हटा नहीं पाया है। दरअसल, पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बीआरटीएस हटाने के निर्देश दिए और उसके बाद फिर हाईकोर्ट से भी इस संबंध में आदेश प्राप्त हो गए। निगम के जनप्रतिनिधियों ने एक हिस्से में रैलिंग हटाकर झांकीबाजी भी की। जो भी ठेकेदार मिला वह भाग खड़ा हुआ और उसके बाद फिर 5 अलग-अलग पैकेजों मेंतोडऩे के साथ सेंट्रल डिवाइडर बनाने के भी दो पैकेज के टेंडर मंजूर किए गए, जिस पर लगभग 11 करोड़ रुपए की राशि निगम द्वारा खर्च की जा रही है। निरंजनपुर और सत्यसांई चौराहा पर चूंकि एमपीआरडीसी द्वारा फ्लायओवरों का निर्माण किया जा रहा है, लिहाजा इस हिस्से को छोडक़र उसके आगे से डिवाइडर बनाने का काम ठेकेदार एजेंसी ने शुरू कर दिया है और एक हिस्से में ये डिवाइडर निर्मित भी हो गए हैं। निगम के जनकार्य समिति प्रभारी राजेन्द्र राठौर का कहना है कि एक तरफ डिवाइडर बन रहे हैं, तो उसके साथ ही दूसरी तरफ की रैलिंग भी लगभग निकल चुकी है और बीम तोडऩे के साथ बस स्टॉपों को भी हटाया जा रहा है। इसमें भी दो-दो किलोमीटर में अलग-अलग ठेकेदार एजेंसियों को ठेका दिया गया है, जिसके चलते पूरे 11 किलोमीटर के हिस्से से रैलिंग और बस स्टॉप हट जाएंगे। दूसरी तरफ पीडब्ल्यूडी ने एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण भी एबी रोड पर शुरू कर दिया है। एलआईजी से नवलखा तक बनने वाले इस कॉरिडोर के लिए भी पीडब्ल्यूडी ने शॉपिंग कॉम्प्लेक्स से लेकर एलआईजी और उसके आगे तक दोनों तरफ चद्दरें लगाकर पहले मिट्टी परीक्षण और अब पाइलों की खुदाई का काम भी शुरू कर दिया। वहीं आज सुबह निगमायुक्त क्षितिज सिंघल, अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर सहित अन्य अधिकारियों ने बीआरटीएस पर चल रहे कार्यों का मौका-मुआयना किया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved