
पहले पुल के आधे हिस्से का निर्माण कार्य शुरू कराएंगे, वैकल्पिक मार्गों को भी क्लीयर करेंगे
इन्दौर। लक्ष्मीबाई प्रतिमा (Laxmibai Statue) से जिंसी (Jinsi) जाने वाले वर्षों पुराने पुल (Bridge) को इसी सप्ताह तोडक़र नया बनाने का काम शुरू किए जाने की तैयारी है। निगम ने ऐसा प्लान बनाया है कि आधे पुल का निर्माण कार्य जारी रहेगा और पुराने पुलिस के हिस्सों से यातायात गुजरता रहेगा। इसके अलावा वैकल्पिक मार्गों को भी क्लीयर करने की तैयारी है।
नगर निगम की रिमूवल टीम ने दो दिन पहले लक्ष्मीबाई प्रतिमा के समीप सालों पुराने पुल के आसपास बाधक निर्माण और सुलभ काम्प्लेक्स को तोडऩे की कार्रवाई की थी। इसके बाद अब पुल और सडक़ का काम एक साथ शुरू कराने की तैयारी पर विचार चल रहा है, लेकिन सबसे पहले पुल का काम इसी सप्ताह से शुरू हो सकता है। जनकार्य समिति प्रभारी राजेंद्र राठौर के मुताबिक लक्ष्मीबाई प्रतिमा से जिंसी चौराहे तक 80 फीट चौड़ी सडक़ बनाई जाना है और इसके लिए पूर्व में ही बाधाएं चिन्हित कर ली थी और संबंधितों को नोटिस भी जारी कर दिए गए थे। नगर निगम ने पुल और सडक़ के निर्माण का ठेका साढ़े 8 करोड़ में दिल्ली की विक्ट्री-वन एजेंसी को दिया है। उनके मुताबिक कंपनी के अधिकारियों के साथ कल या परसों में बैठक होगी और काम शुरू करने के निर्देश दिए जाएंगे। पहले दौर में पुल का काम शुरू किया जाएगा। वर्षों पुराना पुल 40 से 50 फीट चौड़ा है और नया पुल 80 फीट चौड़ा बनाया जाना है। इसके चलते आसपास के हिस्सों में नए पुल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा और पुराने पुल से यातायात जारी रहेगा। इसके अलावा अन्य वैकल्पिक मार्गों को भी क्लीयर कराया जाएगा और वहां ट्रैफिक जाम ना हो, इसके लिए यातायात पुलिस के अधिकारियों के साथ निगम अधिकारी उन क्षेत्रों का दौरा करेंगे।
कंडीलपुरा से इन्दौर वायर तक 100 फीट चौड़ी
सडक़ का भी जल्द काम शुरू होगा
राठौर के मुताबिक कंडीलपुरा क्षेत्र से इन्दौर वायर फैक्ट्री तक 100 फीट चौड़ी सडक़ बनाने की तैयारी है और इसके लिए भी पीडी अग्रवाल की एजेंसी को काम सौंपा गया है और वहां भी जल्द से जल्द काम शुरू कराने की तैयारी है। बाधाएं हटाने के मामले में जनकार्य विभाग के अफसरों के साथ चर्चा हुई है और जल्द ही कार्रवाई शुरू की जाएगी। जिंसी के समीप की यह सडक़ काफी महत्वपूर्ण है। नगर निगम इन दोनों ही स्थानों पर काम तेजी से शुरू कराने की इसलिए तैयारी कर रहा है, क्योंकि बड़ा गणपति क्षेत्र में बनने वाले फ्लायओवर के चलते लाइनें शिफ्टिंग का काम शुरू होगा और इसी दौरान उक्त क्षेत्र में भी लाइनों के कई कार्य होंगे, जिसके चलते सडक़ का काम भी शुरू करा दिया जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved