
इंदौर। इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र की निरंजनपुर बस्ती में गाय चोरी की शंका में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोग युवक को घर से अपने साथ ले गए और गाय चोरी के शक में उसके साथ मारपीट की। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां देर रात उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पूरा मामला लसूड़िया थाना क्षेत्र की निरंजनपुर बस्ती का है। बताया जा रहा है कि इलाके से एक गाय चोरी हुई थी। गाय की तलाश के दौरान कुछ लोगों को एक युवक पर चोरी में शामिल होने का शक हुआ। इसके बाद आरोपी युवक को उसके घर से अपने साथ ले गए और उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की।
मारपीट में युवक को गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हालांकि, देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए लसूड़िया थाना पुलिस ने हत्या सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्शियों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान और तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved