
इंदौर। नगर निगम और नेता नगरी के बीच यह सहमति बनी थी कि छावनी की सडक़ को 60 फीट की चौड़ाई में बनाया जाएगा। कल जब नगर निगम द्वारा रिमूवल किया गया तो इस सडक़ का निर्माण 70 फीट की चौड़ाई में करने की व्यवस्था कर ली गई है।
मधुमिलन चौराहा से लेकर छावनी की जगन्नाथ धर्मशाला तक बनाई जाने वाली इस सडक़ की चौड़ाई 80 फीट थी। क्षेत्र के लोगों के विरोध के बाद इस सडक़ का निर्माण 60 फीट चौड़ाई में करने का फैसला हुआ था। कल निगम द्वारा रिमूवल किया गया तो उसके एक घंटा पहले नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंगल और अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर एक साथ इस सडक़ का दौरा करने के लिए निकले।
इसके बाद उन्होंने निगम की रिमूवल टीम को निर्देश दिया कि रिमूवल की कार्रवाई इस तरह करना है कि सुबह से शाम तक में पूरा काम हो जाना चाहिए। इसके लिए उन्होंने राजनगांवकर को भी मौके पर तैनात कर दिया। इस स्थिति का परिणाम यह हुआ कि नगर निगम की टीम के द्वारा जब रिमूवल की कार्रवाई की गई तो इस कार्रवाई को इस तरह से अंजाम दिया गया कि मधुमिलन चौराहा से लेकर जगन्नाथ धर्मशाला तक 70 फीट चौड़ी सडक़ का निर्माण हो जाए। वैसे इस बारे में आधिकारिक तौर पर निगम का कोई अधिकारी कुछ नहीं बोल रहा है, लेकिन इशारों में हर बात कही जा रही है। वह तो इन अधिकारियों ने थोड़ी सी हिम्मत दिखाई होती तो यह सडक़ 80 फीट चौड़ाई में बनने की व्यवस्था ही हो जाती।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved