
वित्तीय वर्ष 2025-26 में 32 हजार से ज्यादा उड़ानों का हुआ संचालन, मार्च में यात्रियों की संख्या 3.82 लाख से ज्यादा रही
इंदौर, विकाससिंह राठौर ।
इंदौर (Indore) के देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल (Devi Ahilyabai Holkar Airport) ने एक बार फिर आसमान में इतिहास (History) रचा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में इंदौर से 44 लाख से ज्यादा हवाई यात्रियों ने सफर किया है। वहीं इस दौरान उड़ानों की संख्या ने 32 हजार से ज्यादा का आंकड़ा पार किया है। यह पिछले कई सालों में दर्ज उड़ानों और यात्रियों की संख्या में सर्वाधिक है। इसे देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि हाल ही में शुरू हुए वित्तीय वर्ष में इंदौर 50 लाख यात्रियों के आंकड़े को पार करेगा।
इंदौर एयरपोर्ट पर यात्री और उड़ानों के इन रिकॉर्डतोड़ आंकड़ों का खुलासा हाल ही में तैयार की गई वित्तीय वर्ष की रिपोर्ट में हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच इंदौर से कुल 32 हजार 575 उड़ानों का संचालन हुआ, जिनसे कुल 44 लाख 57 हजार 659 यात्रियों ने सफर किया। पिछले वित्तीय वर्ष में यह आंकड़ा 40 लाख के करीब था। इस तरह एक ही साल में चार लाख से ज्यादा यात्रियों की बढ़ोतरी हुई है। ये आंकड़े इंदौर की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रगति को दिखाते हैं।
सिर्फ 16 घंटे खुला रहकर भी बनाया रिकॉर्ड
इंदौर एयरपोर्ट द्वारा बनाया गया यह रिकॉर्ड इसलिए भी खास है, क्योंकि नवंबर 2024 से ही इंदौर एयरपोर्ट में रनवे रीकार्पेटिंग के काम के चलते एयरपोर्ट को रात 10.30 से सुबह 6.30 बजे के बीच बंद रखा जाता था। इसलिए रोजाना उड़ानों को संचालन के लिए सिर्फ 16 घंटे का समय मिलता था, लेकिन इन 16 घंटों में भी इंदौर ने सर्वाधिक यात्री और उड़ानों का कीर्तिमान बनाया है।
अब 24 घंटे खुलने लगा एयरपोर्ट
एयरपोर्ट के प्रवक्ता रामस्वरूप यादव ने बताया कि इंदौर एयरपोर्ट 1 अप्रैल से ही अब दोबारा 24 घंटे खुला रहने लगा है। इसके कारण रात की नई उड़ानें भी शुरू हुई है। साथ ही एयरपोर्ट की ओल्ड टर्मिनल बिल्डिंग को टर्मिनल 1 के रूप में भी तैयार किया गया है और जल्द ही यहां से भी उड़ानों का संचालन शुरू होगा। इसके चलते इस वित्तीय वर्ष में यात्री और उड़ानों की संख्या में और भी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
मार्च में बढ़े 11 हजार यात्री
रिपोर्ट के मुताबिक मार्च माह में इंदौर से कुल 2,815 उड़ानों का संचालन हुआ है, जिनसे कुल 3 लाख 82 हजार 343 यात्रियों ने सफर किया। इस तरह फरवरी की अपेक्षा मार्च में 173 उड़ानें और करीब 11 हजार यात्री बढ़े है। हालांकि वित्तीय वर्ष में सर्वाधिक यात्री संख्या 4.23 लाख के रूप में नवंबर के नाम दर्ज है।
इस बार 50 लाख के पार
इंदौर एयरपोर्ट से वित्तीय वर्ष 2025-26 में 44 लाख से ज्यादा यात्रियों ने सफर किया है और 32 हजार से ज्यादा उड़ानों का संचालन हुआ है। अब एयरपोर्ट फिर से 24 घंटे खुला रहने लगा है। इससे इस वित्तीय वर्ष में यात्रियों की संख्या और बढ़ेगी। इंदौर से नई एयरलाइंस भी शुरू होगी और इंदौर एयरपोर्ट पर यात्री सुविधाओं का प्रदर्शन भी पहले से बेहतर हुआ है। हमें उम्मीद है कि इस बार आंकड़ा 50 लाख के पार होगा।
– सुनील मग्गीरवार, एयरपोर्ट डायरेक्टर, इंदौर
एक नजर वित्तीय वर्ष 2025-26 की उड़ानों और यात्री संख्या पर –
माह यात्री उड़ानें
अप्रैल 25 3,63,107 2,763
मई 25 3,65,768 2,890
जून 25 3,67,664 2,712
जुलाई 25 3,58,809 2,711
अगस्त 25 3,61,030 2,500
सितंबर 25 3,35,933 2,393
अक्टूबर 25 3,63,000 2,645
नवंबर 25 4,23,010 2,973
दिसंबर 25 3,68,460 2,649
जनवरी 26 3,97,098 2,882
फरवरी 26 3,71,437 2,642
मार्च 26 3,82,343 2,815
कुल 44,57,659 32,575
(जानकारी विमानतल प्रबंधन के मुताबिक)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved