खेल

IPL 2023: लखनऊ सुपर जायंट्स ने पंजाब किंग्स को 56 रन से हराया

मोहाली (Mohali)। इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League- IPL) के 38वें मुकाबले में शुक्रवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (Lucknow Super Giants- LSG) ने पंजाब किंग्स (Punjab Kings- PBKS) को 56 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। IPL 2023 में यह रनों के लिहाज से चौथी सबसे बड़ी जीत रही। इस सीजन में LSG की यह 8 मैचों में 5वीं जीत है। PBKS की यह इतने ही मैचों में चौथी हार है।

पहले बल्लेबाजी करते हुए LSG ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 257 रन बनाए थे। टीम के लिए मार्कस स्टोइनिस ने सबसे ज्यादा 72 रन बनाए थे। 258 रन का विशाल लक्ष्य लेकर मैदान पर उतरी PBKS टीम 19.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 201 रन ही बना सकी और हार गई। टीम की ओर से अथर्व तायडे ने सर्वाधिक 66 रन बनाए। LSG की ओर से यश ठाकुर और नवीन उल हक ने 3-3 विकेट लिए।


PBKS की बल्लेबाजी पर बड़े स्कोर का दबाव शुरुआत से ही नजर आया। कप्तान शिखर धवन (1) पहले ही ओवर में आउट हो गए। दूसरे सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह (9) भी जल्दी आउट हो गए। टीम की ओर से सबसे बड़ी साझेदारी तीसरे विकेट के लिए तायडे और ऑलराउंडर सिकंदर रजा (36) के बीच हुई। दोनों ने 47 गेंद में 78 रन जोड़े। विस्फोटक बल्लेबाज लियाम लिविंग्स्टोन ने 23 रन और सैम कुर्रन 21 रन ही बना सके।

PBKS की ओर से तायडे ने ही काफी देर तक मैदान में रहते हुए संघर्ष किया। हालांकि, उनकी पारी टीम की हार नहीं टाल सकी। उन्होंने 183.33 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंद में 66 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 8 चौके और 2 छक्के जमाए। तायडे ने अपने IPL करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली और यह उनका पहला ही अर्धशतक रहा। उन्होंने अपना केवल 26 गेंदों में ही पूरा कर लिया था।

LSG की ओर से पहले विकेट के लिए काइल मेयर्स और केएल राहुल (12) ने 21 गेंद में 41 रन जोड़ते हुए ताबड़तोड़ शुरुआत की। तीसरे विकेट के लिए स्टोइनिस और आयुष बडोनी (43) ने 47 गेंद में ही 89 रन जोड़ते हुए रन गति को आगे बढ़ाया। इसके बाद चौथे विकेट के लिए स्टोइनिस और निकोलस पूरन (45) ने 30 गेंद में ही 76 रन जोड़ते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

LSG ने इस मुकाबले में IPL इतिहास का अपना अब तक सबसे बड़ा स्कोर बनाया। इसके अलावा ओवरऑल यह लीग का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर रहा। IPL में सबसे बड़ा स्कोर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के नाम दर्ज है। RCB ने पुणे वारियर्स (PWI) के खिलाफ 263/5 रन (2013) बनाए थे। लीग का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर भी RCB के ही नाम दर्ज है। उसके गुजरात लायंस (GL) के खिलाफ 248/3 रन (2016) बनाए थे।

IPL 2023 में अब तक 19 बार 200 से अधिक के स्कोर बन चुके हैं जो अपनेआप में एक रिकॉर्ड है। जबकि अभी तक केवल 38 मैच खेले गए हैं। इससे पूर्व IPL 2022 में 18 बार ऐसा हुआ था।

विस्फोटक बल्लेबाज मेयर्स ने अपनी शानदार फॉर्म को इस मैच में भी बरकरार रखते हुए अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने अपने IPL करियर का चौथा अर्धशतक जमाया और इसे उन्होंने मात्र 20 गेंद में ही पूरा कर लिया। उनके बल्ले से ये सभी अर्धशतक इसी सीजन में आए हैं। उन्होंने 225.00 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए केवल 24 गेंद में 54 रन ठोक डाले। इस पारी में उन्होंने 7 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के भी जमाए।

ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए मशहूर स्टोइनिस ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई। स्टोइनिस ने शुक्रवार को अपने IPL करियर का छठा अर्धशतक जमाया। अर्धशतक तक पहुंचने के लिए केवल 31 गेंद ही खेलीं। इस मैच में उन्होंने 180.00 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंद में 72 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के भी जमाए। इसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

Share:

Next Post

देश के आठ बुनियादी उद्योगों की वृद्धि दर मार्च में 3.6 फीसदी रही

Sat Apr 29 , 2023
नई दिल्ली (New Delhi)। अर्थव्यवस्था के मोर्चे में झटका (blow on the economic front) लगने वाली खबर है। देश (country) के आठ बुनियादी उद्योगों (आईसीआई) का उत्पादन (Production of eight basic industries (ICI) ) मार्च महीने (month of March) में सालाना आधार पर 3.6 फीसदी की दर (grew at a rate of 3.6 percent on […]