
जयपुर. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में वैभव सूर्यवंशी( Vaibhav Sooryavanshi) का तूफान थमने का नाम नहीं ले रहा. राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के इस 15 वर्षीय बल्लेबाज ने मंगलवार (19 मई) लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ ऐसी विस्फोटक पारी खेली, जिसने पूरे सवाई मानसिंह स्टेडियम को झूमने पर मजबूर कर दिया.
221 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को वैभव सूर्यवंशी और कार्यवाहक कप्तान यशस्वी जायसवाल ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई. दोनों बल्लेबाजों ने सिर्फ 39 गेंद में 75 रन जोड़कर मैच का रुख बदल दिया.
जायसवाल के आउट होने के बाद भी वैभव नहीं रुके. उन्होंने हर गेंदबाज की जमकर धुनाई की और महज 38 गेंद में 93 रन ठोक दिए. इस दौरान उनके बल्ले से 10 लंबे छक्के और 7 चौके निकले. उनका स्ट्राइक रेट 244 से ज्यादा का रहा.
इसके बाद वैभव ने ध्रुव जुरेल के साथ 105 रन की साझेदारी कर राजस्थान को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया. जीत का काम अंत में ध्रुव जुरेल ने पूरा किया, जिन्होंने नाबाद 53 रन बनाए. राजस्थान ने 19.1 ओवर में 225 रन बनाकर मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम कर लिया.
इससे पहले लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से मिचेल मार्श ने 57 गेंद में 96 रन की विस्फोटक पारी खेली थी. वहीं जोश इंग्लिस ने 29 गेंद में 60 रन बनाए. दोनों ने पहले विकेट के लिए 109 रन जोड़े. कप्तान ऋषभ पंत ने भी 35 रन का योगदान दिया, जिसकी बदौलत लखनऊ ने 220/5 का बड़ा स्कोर खड़ा किया.
हालांकि मैच की पूरी चमक वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी के नाम रही. इस पारी के साथ उन्होंने IPL 2026 में ऑरेंज कैप भी अपने नाम कर ली. वैभव अब 13 मैचों में 579 रन बना चुके हैं. उनका औसत 44.53 और स्ट्राइक रेट 236.32 का है, जो IPL इतिहास में 500 से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा है.
एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट (500+ रन)
236.3*: वैभव सूर्यवंशी (2026)
204.8 : आंद्रे रसेल (2019)
202.0 : अभिषेक शर्मा (2026)
196.2 :निकोलस पूरन (2025)
191.5 : ट्रेविस हेड (2024)
वैभव अब एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में भी दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं.
एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा छक्के
59 : क्रिस गेल (2012)
53* : वैभव सूर्यवंशी (2026)
52: आंद्रे रसेल (2019)
51 : क्रिस गेल (2013)
वैभव सूर्यवंशी ने IPL में तीसरी बार एक पारी में 10 या उससे ज्यादा छक्के लगाए हैं. इस मामले में अब उनसे आगे सिर्फ क्रिस हैं, जिन्होंने ऐसा चार बार किया था. इस जीत के साथ राजस्थान की टीम अब 14 अंकों के साथ पॉइंट टेबल में चौथे नंबर पर पहुंच गई है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved