img-fluid

पाकिस्तान के लिए खेले तीन सगे भाई, सबसे छोटे ने पहले ही वनडे में कर दिया ऐसा कमाल..

November 21, 2026

नई दिल्ली ।पाकिस्तान क्रिकेट (Pakistan Cricket) के इतिहास में कुछ ऐसे परिवार भी रहे हैं, जिनके एक से अधिक सदस्यों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व किया। ऐसा ही एक नाम इलाही परिवार (Ilahi Family) का है। इस परिवार के तीन सगे भाई मंजूर इलाही (Manzoor Elahi), जहूर इलाही (Zahoor Elahi) और सलीम इलाही (Saleem Elahi) पाकिस्तानी क्रिकेट टीम की ओर से अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके हैं। तीनों ने अपनी प्रतिभा के दम पर क्रिकेट में पहचान बनाई, लेकिन सबसे छोटे भाई सलीम इलाही का वनडे अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत में ही इतिहास रच देना उन्हें खास बनाता है।

सलीम इलाही का जन्म 21 नवंबर 1976 को हुआ था। शनिवार को वह अपना 50वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनके क्रिकेट करियर का सबसे यादगार पल 1995 में आया, जब उन्हें श्रीलंका के खिलाफ वनडे अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में पाकिस्तान की ओर से खेलने का मौका मिला। यह मैच गुजरांवाला में खेला गया था। उस समय सलीम की उम्र महज 18 साल थी और उनके पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का कोई अनुभव नहीं था।

सलीम की इस शुरुआत को इसलिए भी असाधारण माना जाता है, क्योंकि पाकिस्तान की राष्ट्रीय टीम में चुने जाने से पहले उन्होंने एक भी फर्स्ट क्लास मुकाबला नहीं खेला था। इसके बावजूद उन्होंने अपने पहले ही वनडे मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 102 रन बना दिए। इस पारी के साथ वह वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण पर शतक लगाने वाले पहले पाकिस्तानी बल्लेबाज बन गए।

उनकी इस उपलब्धि ने पाकिस्तान क्रिकेट में एक नया रिकॉर्ड कायम किया। बाद के वर्षों में इमाम उल हक और आबिद अली ने भी वनडे डेब्यू पर शतक लगाने का कारनामा किया, लेकिन इस उपलब्धि की शुरुआत सलीम इलाही ने ही की थी। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहली ही पारी में इस तरह का प्रदर्शन उनके करियर का सबसे बड़ा आकर्षण बना रहा।

वनडे क्रिकेट में सलीम का प्रदर्शन लगातार अच्छा रहा। 2002-03 में जिम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका के दौरे के दौरान उन्होंने अपनी बल्लेबाजी का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इन दौरों पर खेले गए चार मुकाबलों में उनके बल्ले से तीन शतक निकले। इस दौरान उन्होंने विपक्षी गेंदबाजों के सामने लगातार रन बनाए और पाकिस्तान की बल्लेबाजी में अहम योगदान दिया।

हालांकि, वनडे क्रिकेट में मिली सफलता टेस्ट प्रारूप में बरकरार नहीं रह सकी। सलीम इलाही ने पाकिस्तान के लिए कुल 13 टेस्ट और 48 वनडे अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले। वनडे में उन्होंने 36.72 की औसत से 1,579 रन बनाए। इस प्रारूप में उनके नाम चार शतक और नौ अर्धशतक दर्ज हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 135 रन रहा।

टेस्ट क्रिकेट में उनका प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा। 13 मुकाबलों में उन्होंने 18.95 की औसत से कुल 436 रन बनाए। टेस्ट प्रारूप में वह केवल एक अर्धशतक लगा सके। 2002-03 के बाद उन्हें दोबारा पाकिस्तान की टेस्ट टीम में जगह नहीं मिली।

इलाही परिवार के बड़े भाई मंजूर इलाही ने ऑलराउंडर के रूप में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया। उनका अंतरराष्ट्रीय करियर 1984 से 1995 तक रहा। उन्होंने छह टेस्ट और 54 वनडे मुकाबले खेले। वनडे क्रिकेट में उनके नाम 741 रन और टेस्ट में 123 रन दर्ज हैं। गेंदबाजी में भी उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 36 विकेट हासिल किए।

वहीं, जहूर इलाही ने 1996-97 के दौरान पाकिस्तान की टेस्ट और वनडे टीम में जगह बनाई। उन्होंने दो टेस्ट मुकाबलों में 30 रन और 14 वनडे में 297 रन बनाए। वनडे क्रिकेट में उनके नाम तीन अर्धशतक भी दर्ज रहे।


  • इस तरह तीनों भाइयों ने अलग-अलग समय पर पाकिस्तान की राष्ट्रीय टीम की जर्सी पहनी। मंजूर और जहूर ने अपने प्रदर्शन से पहचान बनाई, जबकि सलीम ने वनडे पदार्पण पर शतक लगाकर ऐसा रिकॉर्ड बनाया, जिसने उन्हें पाकिस्तानी क्रिकेट के यादगार खिलाड़ियों में शामिल कर दिया।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved