
जालंधर। जालंधर के आदमपुर एयरपोर्ट (Adampur Airport) का नाम बदल दिया गया है। अब यह एयरपोर्ट श्री गुरु रविदास जी महाराज हवाई अड्डा (Shri Guru Ravidas Ji Maharaj Airport) के नाम से जाना जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने लुधियाना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का वर्चुअल उद्घाटन किया। हलवारा हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का उद्घाटन करने के बाद पीएम मोदी आगे के लिए रवाना हो गए। इससे पहले पीएम मोदी ने एक्स पर संत रविदास को श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संत रविदास की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि करुणा और न्याय पर उनके विचार सरकार के कल्याणकारी कदमों का मूल आधार है। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”मानवता के अनन्य उपासक महान संत श्री गुरु रविदास महाराज जी को उनकी जयंती पर कोटि-कोटि नमन।”
पीएम मोदी ने कहा, ”उनके विचारों में न्याय और करुणा का भाव सर्वोपरि था, जो जनकल्याण की हमारी योजनाओं के मूल में है। उन्होंने सामाजिक समरसता और सद्भावना के जिस दीप को प्रज्वलित किया, वह देशवासियों के पथ को सदैव आलोकित करता रहेगा।” प्रधानमंत्री संत रविदास के अनुयायियों, रविदासिया समुदाय के एक पवित्र स्थान डेरा सचखंड बल्लां का दौरा कर रहे हैं। उनका डेरा सचखंड बल्लां के प्रमुख संत निरंजन दास से भी बातचीत का कार्यक्रम है, जिन्हें हाल ही में पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved