बड़ी खबर

आज ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटों से टकराएगा ‘जवाद’, दो दिनों में दिल्ली की हवा सुधरने के आसार

नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी (Bay of Bengal) में तैयार हुआ कम दबाव के क्षेत्र के चक्रवात में तब्दील होने की संभावना है। खबर है कि चक्रवात ‘जवाद’ (Cyclone ‘Jawad’) शनिवार सुबह उत्तरी आंध्र प्रदेश (Andhra Pradesh) और दक्षिण ओडिशा (Odisha) तटों पर पहुंच सकता है। 4 दिसंबर को विभाग ने कहा है कि चक्रवात से जो इलाके सर्वाधिक प्रभावित होंगे, उनमें उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम, विजयनगरम और विशाखापत्तनम जिले तथा ओडिशा के गजपति, गंजाम, पुरी, नयागढ़, खुर्दा, कटक, जगतसिंहपुर और केंद्रपाड़ा जिले शामिल हैं। ओडिशा के विशेष राहत आयुक्त पी. के. जेना ने बताया कि चक्रवाती तूफान के बंगाल की खाड़ी से बाहर जाने से पहले ओडिशा के पुरी जिले में किसी स्थान पर पहुंचने की संभावना है।

आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि चक्रवात के शनिवार को सुबह उत्तरी आंध्र प्रदेश और ओडिशा तट के पास पश्चिमी-मध्य बंगाल की खाड़ी पहुंचने की संभावना है। इसके बाद यह ओडिशा और निकटवर्ती आंध्र प्रदेश के तट के पास उत्तर-पूर्वोत्तर की ओर बढ़ेगा और पांच दिसंबर को दोपहर तक पुरी के आसपास के तट पर पहुंचेगा। उन्होंने बताया कि चक्रवात से उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और इससे लगे दक्षिणी तटीय ओडिशा में शुक्रवार की शाम तक बहुत भारी वर्षा शुरू होने की संभावना है तथा शनिवार को बारिश की तीव्रता बढ़ने के आसार हैं।


आईएमडी ने शनिवार और रविवार को पश्चिम बंगाल में छिटपुट स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने तथा रविवार और सोमवार को असम, मेघालय व त्रिपुरा में छिटपुट स्थानों पर भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। शुक्रवार से रविवार तक मध्य एवं उत्तर बंगाल की खाड़ी में मछुआरों के लिए समुद्री मौसम असुरक्षित रहेगा। मौसम विभाग ने कहा कि 65 किमी प्रति घंटा की गति से उत्तरी आंध्र प्रदेश तट और ओडिशा तट पर शनिवार की शाम से अगले 12 घंटे तक तेज हवाएं चल सकती हैं।

स्कायमेट वेदर के अनुसार, 3 से 5 दिसंबर के बीच आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल तट पर समुद्र की स्थिति काफी खराब रहेगी। इस दौरान हवा की गति 100-110 किमी पहुंचने की संभावना है। एजेंसी ने बताया कि अंडमान और निकोबार आईलैंड्स, तमिलनाडु के आंतरिक इलाकों, कर्नाटक और केरल के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं, गोवा, दक्षिण कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र में हल्की बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में बारिश के आसार हैं।

दिल्ली की हवा में सुधार
राष्ट्रीय राजधानी और उसके आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार को हल्की वर्षा हो जाने से शुक्रवार को दिल्ली की वायु की गुणवत्ता में आंशिक सुधार आया। स्काईमेट वैदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने कहा कि पश्चिमोत्तर भारत के कई हिस्सों खासकर पूर्वी पंजाब, हरियाणा तथा पश्चिमी एवं मध्य उत्तर प्रदेश में गुरुवार को पूरे दिन बूंदाबांदी होती रही . उन्होंने कहा, ‘वर्षा से वायु गुणवत्ता में आंशिक सुधार आया।’

उन्होंने कहा कि दूसरा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमोत्तर भारत के करीब आ रहा है,यदि इससे वर्षा होती है तो इस क्षेत्र की वायु गुणवत्ता सुधर सकती है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के लौटने पर सोमवार को हवा की गति बढ़ेगी और वायु गुणवत्ता सुधरेगी. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि शहर में न्यूनतम तापमान 12.5 दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री नीचे है. शनिवार को हल्का कोहरा छाने एवं हवा धीमी रहने से वायु प्रदूषण की समस्या बढ़ सकती है।

Share:

Next Post

बूस्‍टर डोज और बच्चों को वैक्‍सीन कब लगेगी, केन्‍द्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री ने दिया जवाब

Sat Dec 4 , 2021
नई दिल्ली। कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन(corona virus new Variant Omicron) के सामने आने के बाद क्या देश में लोगों को कोरोना वैक्सीन की बूस्टर डोज (Corona Vaccine Booster Dose) लगाने की तैयारी हो रही है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया (Union Health Minister Mansukh Mandaviya) ने शुक्रवार को इस बारे में जवाब दिया. लोकसभा […]