वॉशिंगटन। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस (Vice President JD Vance) और सेकंड लेडी उषा वेंस (Lady Usha Vance) के परिवार में नए सदस्य का आगमन हुआ है। रविवार को दंपति ने अपने चौथे बच्चे, एक बेटे, के जन्म की जानकारी साझा की। इस जन्म के साथ ही जेडी वेंस अमेरिकी इतिहास में पिछले 156 वर्षों के दौरान पद पर रहते हुए पिता बनने वाले पहले उपराष्ट्रपति बन गए हैं।
जेडी वेंस और उषा वेंस ने सोशल मीडिया पर जारी संयुक्त बयान में बताया कि उनके बेटे का नाम ऐलेक नील वेंस रखा गया है। उन्होंने लिखा कि मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं तथा परिवार के अन्य बच्चे भी अपने छोटे भाई के आने से बेहद उत्साहित हैं।
156 साल बाद दोहराया गया इतिहास
अमेरिकी इतिहास के अनुसार, इससे पहले किसी कार्यरत उपराष्ट्रपति के घर संतान का जन्म वर्ष 1870 में हुआ था। उस समय तत्कालीन उपराष्ट्रपति स्कायलर कोलफैक्स और उनकी पत्नी एलेन वेड कोलफैक्स के यहां बेटे का जन्म हुआ था। इससे पहले 1829 में उपराष्ट्रपति जॉन सी. कैलहून के कार्यकाल के दौरान उनके पुत्र विलियम का जन्म हुआ था।
इसी क्रम में जेडी वेंस अब अमेरिकी इतिहास के ऐसे तीसरे उपराष्ट्रपति बन गए हैं, जिनके कार्यकाल के दौरान उनके घर संतान का जन्म हुआ है।
मेडिकल टीम का जताया आभार
अपने संदेश में वेंस दंपति ने वॉल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और व्हाइट हाउस की मेडिकल टीम का विशेष धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सभी की देखभाल और सहयोग के कारण मां और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।
जन्म दर बढ़ाने की वकालत करते रहे हैं वेंस
41 वर्षीय जेडी वेंस लंबे समय से अमेरिका में घटती जन्म दर को लेकर चिंता जताते रहे हैं। विभिन्न सार्वजनिक कार्यक्रमों और भाषणों में उन्होंने परिवारों को अधिक बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित करने की बात कही है। वर्ष 2025 में आयोजित एक रैली में उन्होंने कहा था कि वह अमेरिका में अधिक बच्चों का जन्म देखना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि कुछ व्यक्तिगत घटनाओं ने उनके परिवार को आगे बढ़ाने के फैसले को प्रभावित किया।
अमेरिका की सेकंड लेडी उषा वेंस का पारिवारिक संबंध भारत के आंध्र प्रदेश से है। उनके माता-पिता 1980 के दशक में भारत से अमेरिका जाकर बस गए थे। उषा का जन्म 1986 में कैलिफोर्निया के सैन डिएगो में हुआ। उनके पिता मैकेनिकल इंजीनियर और मां जीवविज्ञानी हैं।
उषा और जेडी वेंस की मुलाकात येल लॉ स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी। एक शैक्षणिक प्रोजेक्ट के दौरान शुरू हुई दोस्ती बाद में रिश्ते में बदल गई और दोनों ने वर्ष 2014 में विवाह किया। जेडी वेंस अपनी चर्चित पुस्तक ‘हिलबिली एलिजी’ में भी उषा वेंस के सहयोग और योगदान का उल्लेख कर चुके हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved