
रांची: झारखंड के रांची रेल मंडल को वंदे भारत की एक बार फिर नयी सौगात मिल सकती है. उम्मीद जतायी जा रही है कि इस बार नई सौगात के रूप में लाल रंग वाली स्लीपर कोच वाली वंदे भारत मिल सकती है. जानकारी के अनुसार, पहले चरण में रांची से नई दिल्ली, हटिया से यशवंतपुर और हटिया से पुणे के बीच स्लीपर कोच वंदे भारत चलाई जा सकती है. हालांकि, झारखंड में स्लीपर वंदे भारत चलाए जाने की अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है.
बता दें कि, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक दिन पहले ही बेंगलुरु में स्लीपर कोच वाले वंदे भारत एक्सप्रेस के नए संस्करण का अनावरण किया था. उन्होंने यह आश्वासन दिया कि 3 महीने के अंदर यह नई ट्रेन दौड़नी शुरू हो जाएगी. इसके बाद से ही झारखंड में इस ट्रेन के परिचालन को लेकर प्रयास लगने शुरू हो गए हैं. कयास लगाये जा रहे हैं कि स्लीपर वंदे भारत के पहली तीन ट्रेनों में एक झारखंड के लिए भी हो सकता है.
सूत्रों के अनुसार, पहले चरण में आगामी 15 सितंबर को चक्रधरपुर रेल मंडल के जमशेदपुर में इस ट्रेन का ट्रायल हो सकता है. हालांकि, किस रूट में नई ट्रेन का ट्रायल होगा इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई है. बता दें कि वर्तमान में रांची रेलमंडल को रांची-पटना वंदे भारत, रांची-बनारस वंदे भारत और रांची-कोलकाता वंदे भारत की सौगात मिली है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved