
भोपाल। बंटाढार दिग्विजय सिंह प्रदेश को अंधकार की ओर ले गए तो जनता ने उन्हें हमेशा के लिए आइना दिखा दिया। सवा साल कमल नाथ ने भी राज किया, लेकिन इतने कम समय में ही जनता को बेहाल कर दिया है। जनकल्याण की सारी योजनाएं बंद कर दीं। दोनों ही नेता आज जनता के सामने क्या मुंह लेकर आ रहे हैं। कमल नाथ आ रहे हैं तो सवा साल का हिसाब जरूर लाएं, क्योंकि जनता यह जानना चाहती है। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने बुधवार को मीडिया से चर्चा में यह बात कही। शर्मा ने कहा कि जो कमल नाथ मुख्यमंत्री रहते हुए कभी ग्वालियर नहीं आए, वो अब किस मुंह से ग्वालियर आ रहे हैं। सवा साल में माफिया राज चलाने वाले कमल नाथ और पर्दे के पीछे खड़े दिग्विजय सिंह के हाथ कुछ समय और बागडोर रहती तो प्रदेश फिर अंधकार हो जाता। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जनसेवा की शपथ ली इसलिए जब कमल नाथ सरकार अपने वादे पर खरी नहीं उतरी तो उन्होंने उन्हें ही सड़क पर ला दिया। शर्मा ने कहा कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार के मंत्री उमंग सिंघार ने ही यह आरोप लगाया था कि दिग्विजय सिंह पर्दे के पीछे से सरकार चला रहे थे। सारे फैसले वे ही लेते थे।
चुनाव में संभाले मोर्चा
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कार्यकर्ताओं की बैठक लेते हुए कहा कि अब विधानसभा उपचुनाव की तैयारी में युद्ध स्तर पर जुटना होगा। किसी प्रकार का गिला शिकवा न रहे। हर कार्यकर्ता को जिम्मेदारी सौंपे और उनका मनोबल बढ़ाएं।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved