कराची। पाकिस्तान (Pakistan) में पहले गैस संकट ने लोगों को गुब्बारों में ईंधन भरने पर मजबूर किया, और अब जल संकट (Water crisis) ने हालात और गंभीर कर दिए हैं। कराची (karachi) में पिछले दो हफ्तों से पानी की किल्लत ने आम जिंदगी को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है।
पाकिस्तान का सबसे बड़ा शहर कराची इन दिनों पानी के गहरे संकट से जूझ रहा है। हालात ऐसे हैं कि पानी अब सिर्फ जरूरत नहीं, बल्कि रोजाना की लड़ाई बन गया है। शहर के कई इलाकों में लगातार दूसरे हफ्ते नलों में पानी नहीं आ रहा, जिससे लाखों लोग बुनियादी जरूरतों के लिए भटकने को मजबूर हैं।
शुरुआत में इसे अस्थायी समस्या माना गया, लेकिन समय के साथ हालात बिगड़ते चले गए। आज स्थिति यह है कि कई इलाकों में लोग पूरी तरह पानी के टैंकरों पर निर्भर हो गए हैं। जहां टैंकर पहुंचते हैं, वहां बाल्टी और ड्रम लिए लोगों की लंबी कतारें लग जाती हैं। भीषण गर्मी ने इस संकट को और गंभीर बना दिया है-लोग सुबह से ही पानी की तलाश में निकल पड़ते हैं।
पाकिस्तानी अखबार Dawn की रिपोर्ट के अनुसार, इस मरम्मत कार्य के चलते कराची में रोजाना करीब 250 मिलियन गैलन (एमजीडी) पानी की कमी हो गई है, जो शहर की लगभग 40% आबादी को प्रभावित कर रही है। वर्तमान में शहर को करीब 650 एमजीडी पानी मिल रहा है, जबकि जरूरत 1200 एमजीडी से अधिक है।
हालांकि जल विभाग ने आंशिक राहत देते हुए 100 एमजीडी आपूर्ति बहाल की थी, लेकिन धाबेजी पंपिंग स्टेशन पर बिजली संकट के कारण कई पंप बंद हो गए। इससे जल आपूर्ति व्यवस्था फिर से चरमरा गई।
कोरंगी, मलिर, चनेसर, जिन्ना टाउन, लांधी, शाह फैसल कॉलोनी, सदर टाउन और क्लिफ्टन जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में हालात सबसे खराब हैं। यहां लोगों को पीने के पानी के लिए भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
KWSC के अनुसार, आपातकालीन टीमों ने तेजी से काम करते हुए फटी पाइपलाइनों की मरम्मत कर दी थी, लेकिन गुलशन-ए-हदीद में लाइन नंबर-5 में दो नए लीकेज सामने आ गए, जिनकी मरम्मत अभी जारी है। गुरुवार को भी शहर में करीब 80 एमजीडी पानी की कमी दर्ज की गई।
उधर, पाकिस्तान में पहले से जारी गैस संकट ने आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। हालात ऐसे हैं कि गैस की कमी के चलते लोग प्लास्टिक के विशेष गुब्बारों में गैस भरकर उसे दिनभर इस्तेमाल कर रहे हैं। ये गुब्बारे अब 1000 से 1500 रुपये तक में बिक रहे हैं और जरूरत का अहम हिस्सा बन चुके हैं।
कराची में पानी और गैस-दोनों संकटों ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझते लोग अब सरकार से जल्द राहत की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved