
डेस्क: पाकिस्तान एक बार फिर बड़े राजनीतिक और क्षेत्रीय विवाद में घिरता नजर आ रहा है. इस बार मामला देश के सिंध प्रांत से जुड़ा है, जहां हजारों लोग सड़कों पर उतरकर सरकार और सेना के खिलाफ विरोध जता रहे हैं. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर और पंजाब के दबदबे वाला सत्ता प्रतिष्ठान सिंध को बांटने की कोशिश कर रहा है. कराची की सड़कों पर उतरे लोगों ने साफ कहा है कि सिंध की ऐतिहासिक पहचान और जमीन के साथ कोई समझौता नहीं होगा.
इतना ही नहीं, कुछ राष्ट्रवादी संगठनों ने पंजाब की आर्थिक नाकेबंदी करने और अलग देश ‘सिंधुदेश’ बनाने की मांग भी तेज कर दी है. 22 नवंबर को कराची में जिये सिंध रहबर कमेटी (JSRC) के नेतृत्व में हजारों लोगों ने रैली निकाली. प्रदर्शनकारियों के हाथों में लाल झंडे थे और वे पारंपरिक सिंधी अज्रक और टोपियां पहने हुए थे. रैली में कई राष्ट्रवादी संगठनों, वकीलों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया.
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सिंध सिर्फ पाकिस्तान का एक प्रांत नहीं, बल्कि हजारों साल पुरानी सभ्यता, भाषा और संस्कृति की पहचान है. इसलिए इसे प्रशासनिक रूप से बांटने की किसी भी कोशिश को स्वीकार नहीं किया जाएगा. हैदराबाद, नवाबशाह और लरकाना जैसे शहरों में भी विरोध प्रदर्शन हुए. सिंधी राष्ट्रवादी संगठनों ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर और पंजाब के दबदबे वाले सत्ता प्रतिष्ठान पर सिंध को कमजोर करने की साजिश रचने का आरोप लगाया है.
उनका कहना है कि सिंध की जमीन, प्राकृतिक संसाधनों और समुद्री द्वीपों पर कब्जे की कोशिश हो रही है. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सिंध के तेल, गैस, कोयले और कृषि भूमि का फायदा दूसरे क्षेत्रों को दिया जा रहा है. हालांकि, ये प्रदर्शनकारी संगठनों के आरोप हैं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. सिंधी राष्ट्रवादी संगठन जिये सिंध मुत्तहिदा महाज (JSMM) ने पंजाब की आर्थिक नाकेबंदी करने की धमकी दी है.
संगठन का कहना है कि वह पंजाब तक जाने वाले हाईवे और ट्रांजिट रास्तों को बंद करने की मुहिम चलाएगा. इसके साथ ही संगठन ने पाकिस्तान से अलग स्वतंत्र देश ‘सिंधुदेश’ बनाने की मांग भी तेज कर दी है. सिंधुदेश की मांग नई नहीं है. इसकी शुरुआत 1971 में बांग्लादेश बनने के बाद राष्ट्रवादी नेता जीएम सैयद ने की थी. उनका सपना सिंधी लोगों के लिए एक अलग और स्वतंत्र देश बनाने का था. अब इस मांग को फिर से प्रदर्शनों में उठाया जा रहा है.
पाकिस्तान में नए प्रांत बनाने की चर्चा तब तेज हुई, जब गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने छोटे प्रशासनिक प्रांत बनाने का प्रस्ताव रखा. योजना मंत्री अहसान इकबाल ने भी देश के मौजूदा चार प्रांतों को बढ़ाकर 12 से 15 तक करने की संभावना जताई है. रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने 22 नवंबर को कहा कि इस मुद्दे पर जनमत संग्रह की चर्चा साल के अंत तक ठोस रूप ले सकती है. लेकिन पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के नेता बिलावल भुट्टो जरदारी इस प्रस्ताव का विरोध कर रहे हैं.
उनका कहना है कि सिंध को जबरन बांटने की कोशिश हुई तो कराची और हैदराबाद की सड़कों पर हिंसा हो सकती है. दूसरी तरफ MQM-P नए प्रांत बनाने के समर्थन में है. अब 29 नवंबर को कराची में राष्ट्रवादी संगठनों और नए प्रांतों के समर्थकों की अलग-अलग रैलियां प्रस्तावित हैं. ऐसे में पाकिस्तान में सिंध की पहचान, राजनीतिक अधिकार और संसाधनों को लेकर विवाद और बढ़ सकता है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved